वाशी में आग का कहर, चार की मौत ; दमकल ने लोगों को सुरक्षित निकाला, इलाके में भय का माहौल
नवी मुंबई के वाशी रहेजा कॉम्प्लेक्स में 21 अक्टूबर की रात लगी भीषण आग में चार लोगों की मौत हो गई और दस घायल हुए। दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

नवी मुंबई
नवी मुंबई : वाशी के रहेजा कॉम्प्लेक्स में 21 अक्टूबर को भीषण आग लग गई जिसमें मौके पर चार लोगों की मौत हो गई और दस लोग बुरी तरह से ज़ख़्मी हो गए। आग बिल्डिंग की 10वीं मंज़िल पर करीब रात 12:30 बजे लगी और कुछ ही पलों में फैलकर भयंकर रूप ले लिया। सूचना मिलते ही नवी मुंबई फायर डिपार्टमेंट की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6 बजे आग पर काबू पाया गया। मृतकों में 5 से 7 साल की एक बच्ची और 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले 10वीं मंजिल पर लगी और देखते ही देखते 11वीं और 12वीं मंजिल तक फैल गई। इस दौरान छह घर आग की चपेट में आए और भारी नुकसान हुआ। हादसे में कुल 14 लोग प्रभावित हुए, जिनमें से चार की मौत हुई।
मृतकों में एक व्यक्ति 10वीं मंजिल का था और बाकी तीन 12वीं मंजिल के निवासी थे। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कुछ लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ हुई, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग में झुलसे घायलों का वाशी के अपोलो MGM हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है। वाशी डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त आदिनाथ बुधवंत ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कुल 14 लोग इस हादसे में फंसे थे, जिनमें चार की मौत हुई।
आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और इसकी गहन जांच जारी है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग समय पर सुरक्षित नहीं हो सके। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति और बिगड़ने से बची। इस हादसे ने इलाके में डर फैलाया और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
