मुंबई। नगर परिषद चुनावों के बढ़ते राजनीतिक तापमान के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दहाणू में भाजपा के नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा में जोरदार संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने न केवल विकास के वादों की रूपरेखा जनता के सामने रखी, बल्कि सामाजिक योजनाओं की निरंतरता पर भी स्पष्ट आश्वासन दिया।

जनसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उनके कार्यकाल में पालघर जिले को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक मॉडल मुख्यालय बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन के उद्देश्य से तेजी से विकसित किया जा रहा वाढवण पोर्ट आने वाले समय में पालघर का आर्थिक चेहरा बदल देगा। फडणवीस ने दावा किया कि पोर्ट निर्माण के बाद जिले में लगभग 10 लाख नौकरियों के अवसर पैदा होंगे और उनमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिले में जिस तीव्र गति से विभिन्न परियोजनाएँ आगे बढ़ रही हैं, उससे स्पष्ट है कि पालघर “चौथी मुंबई” के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को नगर परिषद की सत्ता “कुर्सी या झंडा फहराने” के लिए नहीं चाहिए, बल्कि सुनियोजित शहरी विकास के लिए चाहिए। फडणवीस ने विश्वास जताया कि कैलाश म्हात्रे जैसे अनुभवी एवं सक्षम उम्मीदवार ही प्रधानमंत्री के विकास ब्लूप्रिंट को ज़मीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सभा में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए फडणवीस ने एक बार फिर लाड़ली बहन योजना को लेकर जनता की चिंताओं को दूर किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जब तक यह देवा भाऊ है, तब तक लाड़ली बहन योजना बंद नहीं होगी।” उन्होंने आगे यह भी घोषणा की कि सरकार का लक्ष्य अब लाड़ली बहनों को “लखपति दीदी” बनाने का है, जिसके लिए नए अवसर और योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

भविष्य के विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को एक साथ बांधते इस संबोधन ने चुनावी माहौल को और अधिक गतिशील बना दिया है। अब जनमत तय करेगा कि फडणवीस के वादों और बड़ी विकास योजनाओं को जनता किस रूप में स्वीकार करती है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story