हाजीपुर में 1 सितंबर 2026 को श्री डिम्पी गर्ग ने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे उत्तर रेलवे, नई दिल्ली में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर पदस्थापित थे।

श्री डिम्पी गर्ग भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1990 बैच के अधिकारी हैं। वे स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिसशिप के माध्यम से भारतीय रेल सेवा में आए और अपने बैच के टॉपर एवं गोल्ड मेडलिस्ट रहे।

32 वर्षों से अधिक के रेल सेवा अनुभव के दौरान श्री गर्ग ने भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे के निर्माण, रोलिंग स्टॉक, परिचालन, संरक्षा, प्लानिंग एवं पॉलिसी निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। उन्होंने तत्कालीन पश्चिम रेलवे के आबू रोड में एएमई/डीजल के रूप में रेल सेवा शुरू की। इसके बाद उत्तर रेलवे तथा रेलवे बोर्ड में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने अपनी सेवाएं दीं।

श्री गर्ग उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा मंडल रेल प्रबंधक के पदों पर कार्य कर चुके हैं। उत्तर रेलवे मुख्यालय में उन्होंने प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी तथा प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा आरवीएनएल में अपर महाप्रबंधक तथा रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक/कोचिंग और कार्यकारी निदेशक/संरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्होंने योगदान दिया है।

परियोजना निष्पादन और रेलवे इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री गर्ग को विभिन्न स्तरों पर कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2001 में सीडीओ/मुंबई सेंट्रल के रूप में कार्य करते हुए मुंबई सेंट्रल कोचिंग डिपो को पूरी तरह बेहतर बनाने और उसे आईएसओ 9002 सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाला भारतीय रेलवे का पहला कोचिंग डिपो बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें जीएम अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

वर्ष 2007 में रेलवे बोर्ड में डायरेक्टर प्लानिंग (एमई) के रूप में कार्य करते हुए रोलिंग स्टॉक की जरूरतों के आकलन और वार्षिक योजना तैयार करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें माननीय रेल मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।

श्री गर्ग ने ईरमी, जमालपुर से यांत्रिक इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने इंस्टीच्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया, कोलकाता एवं इंजीनियरिंग काउंसिल, लंदन से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त की है।

उन्होंने जर्मनी और स्विट्जरलैंड में एलएचबी कोच मेंटेनेंस की जानकारी प्राप्त की है। स्वीडन में इंटरनेशनल हैवी हॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित व्हील-रेल इंटरेक्शन कोर्स भी किया है। इसके अलावा उन्होंने आईआईएम, अहमदाबाद एवं विश्व बैंक में फ्रंटीयर्स इन इन्फ्रस्ट्रक्चर फाइनेंस कोर्स में भाग लिया है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऑपरेशन्स और रेलवे एडमिनिस्ट्रेशन में श्री गर्ग के अनुभव एवं कुशल नेतृत्व से पूर्व मध्य रेल की परिचालनिक दक्षता, संरक्षा मानकों और आधारभूत संरचनाओं के विकास सहित समग्र क्षेत्रों में नई गति आने की उम्मीद है। 1 सितंबर 2026 से उनका महाप्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण करना पूर्व मध्य रेल के प्रशासनिक एवं परिचालनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story