अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत पाँचवें दिवस नशा मुक्ति दिवस का आयोजन अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति, मुंबई क्षेत्र डोंबिवली द्वारा केडीएमसी स्कूल के बी. वीर कैंपस, डोंबिवली में किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं के लगभग 150 विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत समिति की सह-संयोजिका सीमा इटोदिया ने नशा मुक्ति गीत की प्रस्तुति से किया। इसके बाद अणुव्रत समिति, क्षेत्र डोंबिवली की संयोजिका रीना कोठारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया।

अणुव्रत समिति की सदस्य एवं कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शिल्पा कोठारी ने खेल, कहानी, स्लोगन एवं वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी किस प्रकार प्रभावित करता है। ‘एलीवेट’ नशा मुक्ति वीडियो के माध्यम से भी बच्चों को नशे से होने वाले दुष्परिणाम बताए गए। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रेरित करने वाले स्लोगन प्रस्तुत किए गए। इनमें “नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त युवा, स्वस्थ भारत की पहचान”, “नशे से दूरी, जीवन में खुशहाली पूरी” और “नशा है बर्बादी की राह, इससे बचना है जीवन की चाह” शामिल रहे। इन स्लोगनों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही प्रेक्षा मेडिटेशन ट्रेनर लता हीरावत ने बच्चों को ध्यान एवं प्रेक्षा मेडिटेशन के माध्यम से एकाग्रता बढ़ाने के सरल उपाय बताए और ध्यान का अभ्यास करवाया।

कार्यक्रम में कक्षा 9वीं के लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और समझा तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजय सर एवं भानुशाली सर, शिक्षकगण, अणुव्रत समिति के सदस्य, अनीता वनाकिया, युवक परिषद मंत्री भावेश सिंघवी, भरत कच्छारा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अणुव्रत समिति की सह-संयोजिका रश्मि बड़ाला ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story