दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना का दक्षिण मुंबई में अभिनंदन, साध्वीवृंद ने दी संयम यात्रा की मंगलकामनाएं
दक्षिण मुंबई में दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना का अभिनंदन किया गया। साध्वी कंचनप्रभा और साध्वी मंजुरेखा ने संयम यात्रा के लिए मंगलकामनाएं दीं। समारोह में तेरापंथ समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहे।

तस्वीर में आचार्य महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान साध्वीवृंद, दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना और उपस्थित श्रावक-श्राविकाएं नजर आ रहे हैं।
मुंबई। आचार्य महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन एवं तेरापंथी सभा, तेयुप और महिला मंडल दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम शासनश्री साध्वी कंचनप्रभा, शासनश्री साध्वी मंजुरेखा एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
समारोह में तेरापंथ महिला मंडल, दक्षिण मुंबई की ओर से गीत की प्रस्तुति देकर दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना को मंगलभावनाएं प्रेषित की गईं। महिला मंडल अध्यक्षा लतिका डागलिया एवं सभा अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया ने समस्त तेरापंथ समाज, दक्षिण मुंबई की ओर से दीक्षार्थी को उनकी संयम यात्रा के लिए मंगलकामनाएं दीं।
शासनश्री साध्वी कंचनप्रभा ने कहा कि दीक्षार्थी बाबुलाल बाफना अपने बाफना परिवार का गौरव बढ़ा रहे हैं। जीवन के इस पड़ाव पर संसार का त्याग कर संयम के मार्ग को स्वीकार करना अत्यंत वीरता और साहस का कार्य है। उन्होंने कहा कि दीक्षार्थी की पत्नी प्रेमलता ने जिस साहस एवं प्रसन्नता के साथ उन्हें संयम पथ पर विदा किया, वह अत्यंत प्रशंसनीय एवं खुशी की बात है।
साध्वी कंचनप्रभा ने कहा कि उपलब्ध सुख-सुविधाओं का त्याग कर संयम स्वीकार करने का उनका संकल्प जैन शासन की प्रभावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। साध्वीवृंद ने भी सुंदर गीत के माध्यम से दीक्षार्थी को मंगलकामनाएं दीं।
शासनश्री साध्वी मंजुरेखा ने कहा कि आपकी संयम यात्रा प्रवर्धमान रहे तथा आप जैन शासन की खूब प्रभावना करें। उन्होंने कहा कि अप्रमत्त जीवन जीते हुए विनय एवं सद्व्यवहार को अपने जीवन में प्रमुखता प्रदान करें।
समारोह में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़, तेयुप सहमंत्री दीपक कच्छारा, उत्सव धाकड़, फाउंडेशन से सुखलाल सियाल सहित अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सभा उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़ ने किया।
समारोह में उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं ने दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना के संयम जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। यह जानकारी तेयुप दक्षिण मुम्बई मीडिया प्रभारी दर्शन डागलिया ने दी।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
