युगप्रधान आचार्य महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री के पावन सानिध्य में चेम्बूर सभाभवन में आयोजित कन्याओं का विशेष शिविर ‘डायलॉग विद जेन जी’ शानदार रहा। शिविर में करीब ग्यारह क्षेत्रों की नब्बे कन्याएं और दस प्रभारी सहभागी बने। कार्यक्रम के दौरान जीवन में लक्ष्य निर्धारण, समय नियोजन, संवाद, समरसता, धैर्य और स्वस्थ जीवन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।

कन्याओं को संबोधित करते हुए विदुषी साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि जीवन में एक विशेष लक्ष्य निर्धारित करें। अपने कार्यों की सूची बनाएं और उसकी पूरी योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट की डिग्री एक ओर है और जीवन को मैनेज करना अलग विशेषता है।

शिविर का निर्देशन करते हुए डॉ. योगक्षेमप्रभा ने कहा कि सीढ़ियों का अंतराल शाश्वत है। जेनजी से पहले भी था और आगे भी रहेगा, किंतु संवादहीनता जीवन को नीरस बनाती है। जीने का सही आनंद तभी मिलेगा, जब संवाद के साथ समरसता भी जरूरी हो। जीवन में धैर्य और समय नियोजन उसे ऊंचाई प्रदान करता है।

कार्यक्रम की शुरुआत कन्यामंडल के मंगलाचरण से हुई। साध्वी योगक्षेमप्रभा, साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी मुदितप्रभा एवं साध्वी मधुरप्रभा ने मधुर स्वरों में थीम गीत प्रस्तुत किया। चेम्बूर की संयोजिका डिम्पल गोखरू ने समागत कन्याओं का तहेदिल से स्वागत किया।

इस अवसर पर कन्याओं एवं युवती बहनों ने शिक्षाप्रद लघु नाटिका प्रस्तुत की। विशेष अतिथि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की महामंत्री रचना हिरण ने कन्यामंडल के अधिवेशन के संदर्भ में जानकारी देते हुए बेटियों को स्वस्थ जीवन जीने की बात बताई। डॉ. चंचल बागरेचा ने डेंटल केयर के संदर्भ में जानकारियां दीं।

कार्यक्रम में तेममं अध्यक्षा ममता कच्छारा ने अपने विचार प्रकट किए। धन्यवाद ज्ञापन तेरापंथ सभा के अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी ने किया। प्रश्नोत्तर के क्रम में टीना हिरण एवं पायल मांडोत ने प्रश्न पूछे। उत्तर देने वालों में रमेश धोका, श्रेया चपलोत, महक बडोला तथा कुर्ला से सनाया सांखला सहित गोवंडी, काजुपाडा, कुर्ला आदि क्षेत्रों की कन्याएं शामिल रहीं।

मंच संचालन मंत्री पायल मांडोत ने किया। करीब ग्यारह क्षेत्रों से पहुंची नब्बे कन्याओं और दस प्रभारियों की सहभागिता ने ‘डायलॉग विद जेन जी’ शिविर को संवाद, जीवन प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर केंद्रित विशेष आयोजन बनाया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story