देवनार बूचड़खाने में सेवा शुल्क बढ़ाने की तैयारी, 150% तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव
देवनार बूचड़खाने में सेवा शुल्क 150% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। भैंस, भेड़-बकरी और सूअर के वध की फीस में भी बदलाव होगा।

मुंबई के देवनार बूचड़खाने में संचालन और सुविधाओं से जुड़ा खर्च अब बढ़ सकता है। बूचड़खाने के आधुनिकीकरण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) प्रशासन ने सेवा शुल्कों में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे स्थायी समिति की मंजूरी के लिए भेजा गया है। प्रस्ताव में बीएमसी कर्मचारियों के माध्यम से पशुओं के वध के लिए ली जाने वाली फीस में 50 फीसदी से लेकर 150 फीसदी तक बढ़ोतरी का सुझाव दिया गया है।
देवनार बूचड़खाने को आधुनिक मशीनों और ऑटोमेशन तकनीक की मदद से अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी आधुनिकीकरण के साथ कर्मचारियों की बढ़ती मजदूरी को ध्यान में रखते हुए नई दरें प्रस्तावित की गई हैं। बीएमसी प्रशासन के मुताबिक, बढ़ते संचालन खर्च को पूरा करने के लिए सेवा शुल्कों में बदलाव जरूरी माना गया है।
प्रस्तावित रेट चार्ट के अनुसार, भैंस के वध का शुल्क वर्तमान 180 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने का प्रस्ताव है। यानी इस शुल्क में 320 रुपये की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। वहीं भेड़ और बकरी के वध का शुल्क 48 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये किया जाएगा। सूअरों के वध की फीस भी 78 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है।
महाराष्ट्र प्राणी संरक्षण कानून के तहत गोवंश पर पूरी तरह पाबंदी होने के कारण बीएमसी ने बैल से जुड़ी फीस और प्रवेश शुल्क को रेट लिस्ट से पूरी तरह हटा दिया है। दूसरी ओर, जो लाइसेंस धारक अपने कर्मचारियों के माध्यम से काम करवाते हैं, उनके लिए दरों में कोई बदलाव प्रस्तावित नहीं किया गया है।
बीएमसी अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था और प्रस्तावित शुल्क दरों के लागू होने से देवनार बूचड़खाने में सफाई और रखरखाव का स्तर बेहतर होगा। अब सेवा शुल्क में प्रस्तावित बदलाव स्थायी समिति की मंजूरी पर निर्भर करेगा, जिसके बाद नई दरों को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
