दौंड–अजमेर स्पेशल ट्रेन अब हुई नियमित, रेलवे ने जारी किया नया परमानेंट नंबर
मध्य रेल ने यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए स्पेशल ट्रेन को स्थायी रूप दिया है, जिससे 22 मई से यात्रियों को कन्फर्म टिकट और अग्रिम योजना में सुविधा होगी।

मुंबई और पुणे से राजस्थान की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए मध्य रेल ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए दौंड और अजमेर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन सेवा को अब नियमित कर दिया है। स्पेशल ट्रेन की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसे स्थायी रूप से नियमित सेवा में शामिल करते हुए नए परमानेंट ट्रेन नंबरों के साथ संचालन का फैसला लिया है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्धता और अग्रिम यात्रा योजना बनाने में अधिक सुविधा प्राप्त होगी।
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार यह नियमित सेवा शुक्रवार, 22 मई 2026 से प्रभावी होगी। नए शेड्यूल के तहत ट्रेन नंबर 20992 दौंड–अजमेर वीकली एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को रात 23:10 बजे दौंड से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 23:40 बजे अजमेर पहुंचेगी।
वहीं वापसी दिशा में ट्रेन नंबर 20991 अजमेर–दौंड वीकली एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को शाम 16:45 बजे अजमेर से रवाना होगी और अगले दिन शाम 19:10 बजे दौंड पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में पुणे, लोनावला, पनवेल, वसई रोड, बोइसर, वापी, वलसाड, सूरत, बड़ौदरा, रतलाम, कोटा, जयपुर और किशनगढ़ सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे द्वारा यह भी बताया गया है कि 4 जून 2026 से इस ट्रेन के कोच संरचना में परिवर्तन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत इसमें 4 जनरल कोच, 5 स्लीपर कोच सहित एसी कोच की स्थायी व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय नगरसेवकों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि इस रूट के नियमित होने से मुंबई उपनगर एवं पुणे में रहने वाले प्रवासी नागरिकों तथा व्यापारियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस निर्णय को रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और यात्रियों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
