विरार के बर्फपाड़ा जंगल में अवैध देशी शराब की भट्टियों पर क्राइम ब्रांच का छापा, लाखों का माल नष्ट
विरार पूर्व के बर्फपाड़ा जंगल में अवैध देशी शराब बनाने की भट्टियों पर क्राइम ब्रांच ने तड़के 5 बजे छापा मारा। कई भट्टियां तोड़कर लाखों का कच्चा माल नष्ट किया गया। बेबी पागी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।

आग पर रखी भट्ठी, नीले ड्रम और पीले कैन के पास पुलिस व अन्य लोग अवैध शराब ठिकाने की कार्रवाई में दिख रहे हैं।
विरार पूर्व के बर्फपाड़ा स्थित जंगल और झाड़ियों से घिरे इलाके में अवैध रूप से देशी शराब बनाने के कारोबार पर क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-3 ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने तड़के करीब 5 बजे कई स्थानों पर छापेमारी कर देशी शराब बनाने वाली हाथभट्टियों को नष्ट किया और लाखों रुपये का कच्चा माल एवं शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान भट्टियों पर काम कर रहे लोग अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, वसई तालुका के विरार पूर्व स्थित बर्फपाड़ा क्षेत्र पहाड़ियों, जंगल और घनी झाड़ियों से घिरा हुआ है। इसी दुर्गम इलाके में शराब माफिया लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से देशी शराब बनाने का कारोबार चला रहे थे। चारों तरफ जंगल और झाड़ियां होने के कारण इस क्षेत्र में शराब की हाथभट्टियां संचालित करना उनके लिए आसान था। इसे शराब बनाने के सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस अवैध कारोबार की जानकारी मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-3 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समीर शेख को मिली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त संदीप दोइफोडे और सहायक पुलिस आयुक्त अमोल माडवे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समीर शेख के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम में एपीआई अमोल तालेकर, मंगेश वडने, रामचंद्र पाटिल, शिवाजी पाटिल, किरण म्हात्रे, गोविंद केंद्र, प्रशांत पाटिल, राकेश पवार, इंद्रनील पाटिल, सुनील पाटिल, युवराज वाघमोडे, सुमित जाधव, दत्तात्रय जाधव, आतिश पवार, तुषार दलवी और मनोहर तरडे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। अलग-अलग टीमें बनाकर निर्धारित स्थान पर तड़के करीब 5 बजे छापेमारी की गई।
जंगल का इलाका होने और छोटे-छोटे रास्तों से पैदल पहुंचना मुश्किल होने के साथ ही खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही हाथभट्टियों पर देशी शराब बनाने वाले लोग अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर संचालित कई हाथभट्टियों को तोड़ दिया। ड्रमों में भरा शराब बनाने का कच्चा माल मौके पर ही बहाकर नष्ट किया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, पंप और भट्टियों को भी तोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में लाखों रुपये का माल जब्त कर नष्ट किया गया।
पुलिस टीम इससे पहले भी इसी स्थान पर कई बार छापेमारी कर लाखों रुपये की कीमत की देशी शराब नष्ट कर चुकी है। फिलहाल पुलिस ने भट्ठी संचालित करने वाली बेबी पागी और शराब बनाने वाले दो कामगारों के खिलाफ विरार पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

