चेम्बूर में 'दिशाबोध सेमिनार' का आयोजन, साध्वी निर्वाणश्री ने दिए संयम के मंत्र
पर्युषण पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित सेमिनार में साध्वी निर्वाणश्री ने मन और इंद्रियों के संयम तथा क्षमा के महत्व पर प्रकाश डाला।

चेम्बूर में साध्वी निर्वाणश्री के सानिध्य में आयोजित दिशाबोध सेमिनार में मौजूद श्रद्धालु।
मुंबई। साध्वी निर्वाणश्री के पावन सानिध्य में चेम्बूर में उपासक वर्ग की पर्युषण यात्राओं के संदर्भ में विशेष ‘दिशाबोध उपासक सेमिनार’ आयोजित हुआ। सेमिनार में पर्युषण पर्व के दौरान मन और इन्द्रियों के संयम, आत्मचिंतन, क्षमा और आराधना के विभिन्न आयामों पर मार्गदर्शन दिया गया।
उपासक वर्ग को सम्बोधित करते हुए साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि अपने मन और इन्द्रियों को समेटकर भीतर रहने का उपक्रम पर्युषण है। इन्द्रिय संयम और मन संयम को साधने का पर्व पर्युषण है। इस पर्व का सार खमतखामणा है। यह पर्व हमारे परस्पर व्यवहार के शोधन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उपासक श्रेणी इस वर्ष व्यापक रूप से आराधना में सहभागी बन रही है।
सेमिनार के संदर्भ में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विदुषी साध्वी योगक्षेमप्रभा ने कहा कि पर्युषण आराधना की पूरी एक चैनल है। खाद्य संयम से प्रारंभ करके हमें क्षमा का धरातल तैयार करना है। पर्युषण के साथ ध्यान का भी गहरा संबंध है। अनुचिंतनपूर्वक अपने कृत कार्यों की समीक्षा करना इसकी सीख है।
इस अवसर पर साध्वी कुंदन यशा ने महाश्रमण स्तुति का मधुर संगान किया। तप के संदर्भ में साध्वी लावण्य प्रभा, साध्वी मुदितप्रभा आदि ने मधुर गीत की प्रस्तुति दी।
तेरापंथ सभा चेम्बूर के अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी ने सबका स्वागत करते हुए उपासक श्रेणी की आगामी यात्रा की मंगल कामना की। विचाराभिव्यक्ति के क्रम में राजेन्द्र मुणोत, हस्तीमल डांगी, रतनलाल लोढ़ा, तरूण गुंदेचा, महावीर चोरड़िया, कुसुम हिरण, लाडजी कोठारी, ममता कच्छारा आदि ने ‘आराधक बने’, ‘आत्मविकास का आधार सम्यक्त्व’, ‘बिन संयम सब शून्य’, ‘क्षमा जीवन का अमृत’, ‘क्यों करे व्रतों की आराधना’, ‘भोग से त्याग की ओर’ आदि विषयों पर प्रस्तुति दी।
प्रश्नोत्तर के क्रम में साध्वी ने जिज्ञासाओं का सटीक समाधान प्रस्तुत किया। सेमिनार में पर्युषण आराधना को आत्मसंयम, क्षमा, ध्यान और आत्मविकास से जोड़ते हुए उपासक श्रेणी की आगामी यात्रा के लिए दिशा प्रदान की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
