चेम्बूर में तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर द्वारा संचालित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) के स्थानांतरण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह अवसर केवल तेरापंथ युवक परिषद् के लिए ही नहीं, बल्कि तेरापंथ सभा, चेम्बूर ट्रस्ट एवं सम्पूर्ण चेम्बूर समाज के लिए सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में सामने आया। कार्यक्रम पूज्य साध्वी निर्वाणश्री आदि ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।



अपने प्रेरक उद्बोधन में साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि आचार्य तुलसी के नाम से जुड़ा यह सेवा प्रकल्प उनके मानवीय दृष्टिकोण एवं सेवा-दर्शन का साकार स्वरूप है। उन्होंने इस सेवा अभियान को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं दानदाताओं के प्रति मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कहा कि मुंबई के कार्यकर्ता केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रत्येक सेवा उपक्रम को समर्पण, संगठन, शक्ति एवं सेवाभाव के साथ साकार कर धर्मसंघ की प्रभावना करते हैं। उन्होंने कहा कि ATDC आज चेम्बूर की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है तथा पूर्व अध्यक्ष संदीप कोठारी जैसे अनुभवी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में परिषद् निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रही है।

तेरापंथ सभा, चेम्बूर के अध्यक्ष लक्ष्मण ने सभा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूर्व एबीटीवाईपी अध्यक्ष किशन डागलिया ने अपने संबोधन में कहा कि "साध्वी निर्वाणश्री को 'निर्माणश्री' कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।" उन्होंने कहा कि साध्वी अपने प्रेरक व्यक्तित्व से कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण एवं आध्यात्मिक चेतना का सतत संचार करती रहती हैं।

कार्यक्रम को अभातेयुप के पूर्व अध्यक्ष संदीप कोठारी, महिला मंडल अध्यक्षा ममता कच्छारा तथा तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर के अध्यक्ष हिमांशु गन्ना ने भी संबोधित किया।

इसी अवसर पर ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) में एक नवीन साहित्य स्टैंड का शुभ अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में जैन विश्व भारती के साहित्य प्रचारक संगीता गन्ना, प्रकाश धाकड़ एवं नवनीत चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनेक गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से सभी ATDC केंद्रों में ‘संबोधि परियोजना’ को स्थापित करने का अनुरोध भी किया गया।

समारोह के दौरान सभा मंत्री दिलीप मेहता ने अपना समय-विसर्जन कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। मुंबई सभा अध्यक्ष सुरेन्द्र कोठारी एवं कोषाध्यक्ष रिंकू बापना भी उपस्थित रहे।

स्थानांतरण समारोह के शुभ अवसर पर जैन संस्कारकों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान विधिवत सम्पन्न कराया गया। इस मांगलिक अनुष्ठान में तेरापंथ सभा, सांताक्रूज़ से संस्कारक किरण परमार, राजेश एवं पवन की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम की सफलता में चेम्बूर तेरापंथ ट्रस्ट के भगवतीलाल धाकड़, कोषाध्यक्ष सुरेश धाकड़ एवं मूलचंद लोढ़ा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष रमेश धोका ने किया, जबकि मंत्री कपिल मेहता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा, संगठन और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े इस आयोजन ने तेरापंथ समाज के विभिन्न संगठनों के सामूहिक सहयोग और सेवा-समर्पण की भावना को एक बार फिर रेखांकित किया।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story