मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 3 के पेल्हार पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने जांच के दौरान दो शातिर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये कीमत के सोने के गहने और बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ मुंबई, वसई विरार सहित अन्य क्षेत्रों में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मामला 15 सितंबर 2026 का है। शिकायतकर्ता पारुल रमेशचंद्र यादव, उम्र 40 वर्ष, पैदल कहीं जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पैदल चलकर उनके नजदीक आया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और बाइक पर बैठकर फरार हो गया। घटना की शिकायत पेल्हार पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी।

शिकायत के आधार पर पीआई सचिन कांबले के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच के एपीआई रमेश वाघचोरे, समाधान केंगार, अशोक प्रजनें, अनिल बाघमोरे, शरद राठौड़ सहित पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान संदिग्ध की पहचान की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. मोहसिन अंसारी, उम्र 24 वर्ष, को मलाड, मुंबई से और ज़रताब अहमद हुशैन शेख उर्फ कारलोस, उम्र 21 वर्ष, को गोवंडी, शिवाजी नगर से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से सोने के गहने और बाइक जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, मोहसिन अंसारी शातिर चेन स्नैचर है। उसने मीरा भाईंदर, ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई आदि क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ मुंबई, वसई विरार आदि क्षेत्रों में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पेल्हार, बोलिंज और थाना 3 आपराधिक मामलों का पर्दाफाश किया गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story