बोरीवली की समस्याओं पर विधायक संजय उपाध्याय ने बीएमसी आयुक्त से की मुलाकात
विधायक ने मेट्रो सेवा बहाल करने और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए 7 जून तक का अल्टीमेटम दिया।

मुंबई: बोरीवली विधानसभा क्षेत्र की लंबित बुनियादी समस्याओं और जनहित के ज्वलंत मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय उपाध्याय ने बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस बैठक में विधायक ने बोरीवली के निवासियों को पेश आ रही मेट्रो कनेक्टिविटी, सड़कों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रशासन के समक्ष अपना कड़ा रुख स्पष्ट किया।
विधायक संजय उपाध्याय ने गुंदवली और डीएन नगर के बीच पूर्व से संचालित सीधी मेट्रो सेवा को पुनः बहाल करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने बताया कि इस सेवा के बंद होने से रोजाना सफर करने वाले हजारों नौकरीपेशा लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं, जिसे देखते हुए जनहित में इसे तुरंत शुरू करना आवश्यक है। इसके अलावा, विधायक ने बोरीवली मेट्रो स्टेशन और लिंक रोड के आसपास बढ़ते अवैध हॉकर्स के जमावड़े पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने बीएमसी प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि 7 जून तक इन सार्वजनिक स्थानों से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वे 8 जून से स्थानीय नागरिकों के साथ बीएमसी वॉर्ड कार्यालय के बाहर उग्र उपोषण पर बैठेंगे।
इस उच्चस्तरीय बैठक में बोरीवली क्षेत्र के वरिष्ठ लोकप्रतिनिधि और नगरसेवक भी उपस्थित रहे, जिनमें शिवा शेट्टी, रानी द्विवेदी, एडवोकेट सीमा शिंदे, जिग्ना शाह और श्वेता कोरगांवकर प्रमुख रूप से शामिल थे। इन प्रतिनिधियों ने ठेका कर्मचारियों के शोषण, बिना सत्यापन के कार्यरत संदिग्ध विदेशी कामगारों की पुलिस जांच और रात 11 बजे के बाद सड़कों पर लगने वाले अवैध फूड स्टॉलों को पूरी तरह बंद करने की मांग की। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने सभी विषयों को गंभीरता से संज्ञान में लिया है और मानसून की पहली बारिश से पूर्व सभी सुरक्षात्मक एवं जनसुविधा के उपाय पूर्ण करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है। यह बैठक बोरीवली के विकास और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का प्रतीक बनी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
