मिलावटखोरों पर एफडी की सख्त कार्रवाई के बीच वसई में फर्जी एफडी अधिकारी गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
महाराष्ट्र में मिलावटखोरों पर एफडी की कार्रवाई के बीच वसई में फर्जी एफडी अधिकारी बनकर 6 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया। एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी।

तस्वीर में महाराष्ट्र पुलिस के जवान (बाएं और दाएं) फर्जी एफडीए अधिकारी बनकर रंगदारी वसूलने के आरोपी विजय बबन जाधव (बीच में) को अपनी गिरफ्त में लेकर जाते हुए दिख रहे हैं।
महाराष्ट्र में मिलावटखोरों के खिलाफ एफडी की लगातार कार्रवाई के बीच वसई में फर्जी एफडी अधिकारी बनकर लाखों रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। वसई पश्चिम स्थित मानिकपुर पुलिस ने एक बोगस एफडी अधिकारी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य दो साथियों की तलाश जारी है।
जब से महाराष्ट्र में एफडी अधिकारी तुकाराम मुंडे ने पदभार संभाला है, तब से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। गुटखा माफिया, होटल, किराना दुकान, मिठाई समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई करते हुए सैकड़ों दुकानों को सील किया गया है। कई मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। एफडी अधिकारी तुकाराम मुंडे ने यह भी ऐलान किया था कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी कार्रवाई का फायदा उठाकर बोगस एफडी अधिकारियों की बाढ़ सी आ गई है। ऐसे ही एक मामले में वसई पश्चिम स्थित मानिकपुर पुलिस ने एक फर्जी एफडी अधिकारी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, वसई पश्चिम स्थित मोरबी फरसान नामक दुकान पर जून महीने में एक व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ एफडी अधिकारी बनकर पहुंचा। उसने अपना नाम विजय बबन जाधव बताया और अपना आईडी कार्ड भी दिखाया। आरोपी ने दुकानदार से कहा कि उसकी खाद्य सामग्री में मिलावट है और उसकी गुणवत्ता खराब है। उसने दुकान सील करने और मामला दर्ज करने की धमकी दी।
दुकानदार को डराकर आरोपियों ने छह लाख रुपये की मांग की। सहमति बनने पर तीन किस्तों में रकम लेने की बात तय हुई और बोगस एफडी अधिकारी ने दुकानदार से छह लाख रुपये वसूल लिए।
इस बीच एक होटल मालिक की शिकायत पर बोरीवली पुलिस ने बोगस एफडी अधिकारी विजय बबन जाधव को नालासोपारा पूर्व से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की खबर देखने के बाद पीड़ित दुकानदार ने आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद मामला सामने आया और वसई पश्चिम स्थित मानिकपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य दो साथियों की तलाश जारी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
