महापौर कार्यालय को पांचवीं बार धमकी भरा ई-मेल, किशोरी पेडणेकर ने गृह विभाग को घेरा
मुंबई महापौर कार्यालय को पांचवीं बार धमकी भरा ई-मेल मिलने पर पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने गृह विभाग और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने बीएमसी मुख्यालय को उड़ाने की आशंका समेत सुरक्षा एजेंसियों की जांच पर चिंता जताई।

मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय और महापौर कार्यालय को लगातार मिल रहे धमकी भरे ई-मेल का मामला अब राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है। महापौर कार्यालय को पांचवीं बार धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मुंबई की पूर्व महापौर और शिवसेना (यूबीटी) की नेता किशोरी पेडणेकर ने राज्य के गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि इन धमकियों को महज ई-मेल समझकर नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है।
महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पेडणेकर ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में बने दहशत के माहौल को अब तक केवल पर्दे पर देखा जाता था, लेकिन अब दिनदहाड़े कोयते से लोगों पर हमले होने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सत्तापक्ष को घेरते हुए सवाल किया कि जब महापौर भी भाजपा के हैं और दिल्ली से लेकर गली तक उन्हीं की सरकार है, तो बार-बार धमकी देने वालों का पता कौन लगाएगा और कब लगाएगा?
पेडणेकर ने कहा कि लगातार धमकी भरे ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन के स्तर पर मामले की गंभीरता कम होने का खतरा है। जांच एजेंसियों को गहराई से पता लगाना चाहिए कि क्या कोई व्यक्ति सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की धमकियां दे रहा है या वास्तव में महानगरपालिका मुख्यालय को उड़ाने की कोई बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन धमकियों की अनदेखी के बाद कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने महापौर कार्यालय और बीएमसी मुख्यालय में कार्यरत लोगों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। पेडणेकर के अनुसार, इन कार्यालयों और महानगरपालिका के विभिन्न विभागों में केवल महापौर ही नहीं, बल्कि सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारी और आगंतुक भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में धमकियों से उत्पन्न खतरा किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि सैकड़ों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।
मुंबई पुलिस की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए पेडणेकर ने कहा कि दुनिया भर में अव्वल मानी जाने वाली मुंबई पुलिस के रहते हुए भी पांच बार धमकी मिलने के बावजूद मुख्य सूत्रधार का पता नहीं चल पाना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने गृह विभाग और जांच एजेंसियों से संभावित खतरे को टालने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। लगातार मिल रहे धमकी भरे ई-मेल के बीच अब मुख्य चुनौती इनके पीछे की मंशा और जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाकर महापौर कार्यालय तथा बीएमसी मुख्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

