मुंबई को पूरी तरह साफ, सुव्यवस्थित और कचरामुक्त बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) प्रशासन ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त बीएमसी आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि बीएमसी के सभी वॉर्डों के सहायक आयुक्त प्रतिदिन सुबह स्वयं मैदान में उतरकर स्वच्छता चौकियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करें और सफाई कार्यों का जायजा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या कामचोरी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

भायकुला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पती उद्यान व प्राणिसंग्रहालय के पेंग्विन कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने शहर की 'दृश्यमान स्वच्छता' की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी परिमंडलों के उपायुक्त, वॉर्डों के सहायक आयुक्त तथा ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

डॉ. विपिन शर्मा ने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत शहर में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि हाईकोर्ट द्वारा गठित विशेष टीम किसी भी समय शहर के किसी भी क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सकती है। ऐसे में सभी विभागों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कचरा जमा होने वाले अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इन क्षेत्रों में लगातार सफाई, सैनिटाइजेशन और स्थायी समाधान सुनिश्चित किए जाएं, ताकि वहां दोबारा कचरा जमा न हो सके। इसके साथ ही फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था, यातायात और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

डॉ. विपिन शर्मा ने अधिकारियों को स्थानीय विधायकों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों से मिलने वाली स्वच्छता संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निवारण सभी वॉर्डों की प्राथमिकता होना चाहिए। बीएमसी प्रशासन का मानना है कि अधिकारियों की जमीनी मौजूदगी और जनभागीदारी के माध्यम से ही मुंबई को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाया जा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story