मुंबई में प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल के खिलाफ बीएमसी की कार्रवाई लगातार जारी है। मुंबई को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण की रक्षा के अभियान के तहत बीएमसी प्रशासन ने जून 2018 से अगस्त 2026 के बीच दुकानों, बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में 29 लाख से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 122 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों से 9 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

बीएमसी की दुकानें व स्थापना विभाग, लाइसेंस विभाग और बाजार विभाग ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से जुड़े नियम उल्लंघन के 18 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए।

इस कार्रवाई में सबसे अधिक कार्रवाई दुकानें व स्थापना विभाग की ओर से की गई। विभाग ने अकेले 1 लाख किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक जब्त किया और 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का दंड वसूल किया। वहीं, लाइसेंस विभाग और बाजार विभाग ने भी हजारों दुकानों तथा बाजार के स्टॉलों का निरीक्षण कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया।

बीएमसी अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी है। बीएमसी का स्पष्ट कहना है कि यदि मुंबईकर अब भी प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद नहीं करते हैं तो आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्त किया जाएगा।

जून 2018 से अगस्त 2026 तक चली इस व्यापक कार्रवाई में 29 लाख से अधिक स्थानों पर निरीक्षण, करीब 122 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक की जब्ती और 9 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के दंड की वसूली बीएमसी की कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े रहे। कार्रवाई के बाद शहर में प्लास्टिक का अवैध इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story