गिरगांव चौपाटी पर गणेश विसर्जन के लिए बीएमसी की नई तैयारी, वॉटरप्रूफ वीआईपी मंडप और 500 स्टील प्लेटों से मजबूत होगी व्यवस्था।

गणेशोत्सव को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज कर दी हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में होने वाले गिरगांव चौपाटी के विसर्जन समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

गिरगांव चौपाटी पर वीआईपी अतिथियों, विभिन्न देशों के वाणिज्य दूतावासों के प्रतिनिधियों और अन्य आमंत्रित मेहमानों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वॉटरप्रूफ मंडप तैयार किया जाएगा। इसके लिए बीएमसी ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बीएमसी के अनुसार, प्रस्तावित वॉटरप्रूफ मंडप माइल्ड स्टील स्ट्रक्चर पर बनाया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान भी कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संचालित हो सके। मंडप में बैठने की व्यवस्था, फर्नीचर, वैनिटी वैन, अल्पाहार की सुविधा और फूलों से सजावट की जाएगी। इसका उद्देश्य गणेश विसर्जन देखने पहुंचने वाले अतिथियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

विसर्जन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस वर्ष लगभग 500 माइल्ड स्टील प्लेटों की भी व्यवस्था की जाएगी। इन प्लेटों को मरोल यार्ड या वेरावली हिल से गिरगांव चौपाटी तक पहुंचाया जाएगा। विसर्जन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इन्हें वापस संबंधित स्थान पर ले जाया जाएगा। समुद्र तट पर सुरक्षित आवाजाही और विसर्जन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इन स्टील प्लेटों का उपयोग किया जाएगा।

बीएमसी ने स्टील प्लेटों को बिछाने और हटाने के लिए आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था करने की योजना बनाई है। इसके लिए हाइड्रा क्रेन, जेसीबी, डोजर, वेल्डिंग मशीन और वाइब्रो रोलर जैसी मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। विसर्जन के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मशीनरी और पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार को सौंपी जाएगी।

हर वर्ष गणेश विसर्जन के दौरान गिरगांव चौपाटी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणेश मंडल और अतिथि पहुंचते हैं। इसे देखते हुए बीएमसी का प्रयास है कि इस बार भी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर सुविधाओं के साथ संपन्न हो सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story