मुंबई में पैदल यात्रियों को राहत देने के लिए मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ‘पादचारी प्रथम’ अभियान के तहत कार्रवाई तेज हो गई है। बीएमसी प्रशासन के अनुसार, शहर में पहचाने गए 200 फुटपाथों में से 134 फुटपाथों से अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद मुंबई के लगभग 197 किलोमीटर लंबे फुटपाथ का हिस्सा अब बिना किसी रुकावट के आम जनता के आवागमन के लिए साफ और सुरक्षित हो गया है। बीएमसी प्रशासन के अनुसार, अभियान के तहत फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर पैदल यात्रियों के लिए साफ और चौड़ा मार्ग उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत भांडुप रेलवे स्टेशन के आसपास भी बड़ी कार्रवाई की गई। बीएमसी प्रशासन ने महज दो दिनों के भीतर 94 अनधिकृत स्टॉल और अवैध दुकानों को हटा दिया। इससे स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले हजारों दैनिक रेल यात्रियों को राहत मिली है।

बीएमसी के सभी 26 वार्डों में ‘पादचारी प्रथम’ अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को बिना किसी बाधा के साफ और चौड़े फुटपाथ उपलब्ध कराना है। अभियान के पहले चरण के तहत पूरे मुंबई शहर में अब तक 1,459 स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

बीएमसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों तथा वाहनों की अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। बीएमसी की इस कार्रवाई से शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story