BMC का मुंबई सीवरेज सिस्टम सुधारने पर जोर, AI तकनीक का करेगी उपयोग
बांद्रा स्थित नए डेटा सेंटर से सीवरेज पंपिंग स्टेशनों की वास्तविक समय पर निगरानी होगी और तकनीकी खराबियों का पहले ही पता लगाया जा सकेगा।

बांद्रा के डेटा एवं एनालिसिस सेंटर में डिजिटल स्क्रीन पर प्रेडिक्टिव एनालिसिस की जांच करते बीएमसी अधिकारी।
मुंबई। मुंबई में गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को अधिक सक्षम और भरोसेमंद बनाने के लिए बीएमसी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाएगी। बीएमसी के अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने शहर के सीवरेज पंपिंग स्टेशनों की कार्यक्षमता बेहतर बनाने के लिए एआई आधारित तकनीक के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए हैं। इससे सीवरेज नेटवर्क की क्षमता और मजबूती में सुधार लाने पर जोर दिया जाएगा।
बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को डॉ. विपिन शर्मा ने बांद्रा स्थित इंफ्लुएंट पंपिंग स्टेशन में तैयार किए गए एआई और मशीन लर्निंग आधारित डेटा एवं एनालिसिस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीवरेज ऑपरेशन विभाग की प्रमुख अभियंता प्रचिती देसाई और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बीएमसी ने यह आधुनिक डेटा एवं एनालिसिस सेंटर मेट्रो वेस्ट मैनेजमेंट और आईपंपनेट के सहयोग से तैयार किया है। एआई और मशीन लर्निंग आधारित इस व्यवस्था के जरिए सीवरेज सिस्टम में आने वाली खराबी या किसी समस्या का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी। इससे संभावित दिक्कतों की पहले पहचान कर ऐन वक्त पर उत्पन्न होने वाली परेशानियों से बचने की दिशा में काम किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने सेंटर की कार्यप्रणाली, निगरानी प्रणाली और एडवांस प्रेडिक्टिव एनालिसिस की क्षमता का जायजा लिया। उन्होंने बीएमसी की इस पहल पर खुशी जताते हुए अधिकारियों और तकनीकी पार्टनर्स को सटीक डेटा के आधार पर सही फैसले लेने के निर्देश दिए।
डॉ. विपिन शर्मा ने कहा कि बीएमसी पूरे मुंबई और उपनगरों की गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने के लिए नई तकनीक अपनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एआई आधारित निगरानी और विश्लेषण व्यवस्था के जरिए सीवरेज पंपिंग स्टेशनों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
