मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और हवा में घुलती धूल पर नियंत्रण के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का विशेष स्वच्छता अभियान तेज हो गया है। शहर की आबोहवा को स्वच्छ और सांस लेने योग्य बनाए रखने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक नौ दिवसीय व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीएमसी ने परेल स्थित शहर के व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बीएमसी के सफाई कर्मियों और आधुनिक मशीनों के दस्ते ने सड़क पर जमा धूल को हटाया। इसके साथ ही पानी का छिड़काव कर विशेष मशीनों के माध्यम से सड़कों की धुलाई की गई, ताकि धूल के महीन कण हवा में न फैलें।

बीएमसी के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग की ओर से संचालित इस अभियान में मुंबई के सभी प्रमुख राजमार्गों, व्यस्त चौराहों और धूल से प्रभावित संवेदनशील मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे और सड़कों पर जमा धूल का वायु गुणवत्ता पर पड़ने वाला प्रभाव रोकने के लिए यह अभियान आवश्यक है।

इस मुहिम के तहत मैकेनिकल स्वीपर मशीनों, पानी के टैंकरों और एंटी-स्मॉग गन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। बीएमसी प्रशासन ने शहरवासियों से स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त मुंबई बनाने के प्रयास में सहयोग करने तथा खुले में कचरा और मलबा नहीं फैलाने की अपील की है।

बीएमसी का यह विशेष अभियान 6 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके माध्यम से शहर की प्रमुख सड़कों और धूल प्रभावित इलाकों में सफाई के साथ धूल के महीन कणों को हवा में फैलने से रोकने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मुंबईकरों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story