मुंबई के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से बीएमसी मुख्यालय में राज्य के 'मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष' की तर्ज पर 'महापौर चिकित्सा सहायता निधि कक्ष' की औपचारिक शुरुआत की गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जनहित के इस विशेष उपक्रम का लोकार्पण विधायक अमित साटम के कर-कमलों द्वारा तथा मुंबई की महापौर रितु तावड़े की अध्यक्षता में बीएमसी मुख्यालय में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उपमहापौर संजय घाडी, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, सदन के नेता गणेश खनकर, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे और मुख्यमंत्री सहायता निधि प्रमुख रामेश्वर नायक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान दस पात्र मरीजों के परिजनों को मौके पर ही सहायता निधि के चेक वितरित किए गए, जबकि विधायक अमित साटम ने इस कोष में 25 हजार रुपये का अंशदान भी दिया।

बीएमसी में पहले से ही जरूरतमंद मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावित लोगों को महापौर निधि से 25 हजार रुपये तक की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने का प्रावधान रहा है। हालांकि, गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाले भारी-भरकम खर्च और आवेदकों की बढ़ती संख्या के कारण पुरानी व्यवस्था अपर्याप्त साबित हो रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया में तेजी, पारदर्शिता और व्यापकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस समर्पित सहायता कक्ष की स्थापना की गई है।

नई व्यवस्था के तहत अब मरीजों के आवेदनों की जांच और मंजूरी के बाद सहायता राशि का चेक सीधे संबंधित अस्पताल के नाम जारी किया जाएगा, जिससे धनराशि सीधे अस्पताल तक पहुंचे और इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर सहायता राशि स्वीकृत कर दी जाए।

महापौर रितु तावड़े ने बताया कि इस निधि के माध्यम से कैंसर, हृदय रोग, लिवर एवं ब्रेन सर्जरी तथा बच्चों के गंभीर रोगों के इलाज के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मुंबई का कोई भी गरीब नागरिक केवल आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सहायता कक्ष को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सीय सहायता मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story