मुंबई की युवा पीढ़ी को नशे के खतरनाक जाल से बचाने और उन्हें स्वस्थ भविष्य की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका 30 जुलाई 2026 से 'ड्रग्स फ्री मुंबई' अभियान की शुरुआत करने जा रही है। युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए समय पर सही मार्गदर्शन और परामर्श उपलब्ध कराने की सोच के साथ शुरू किए जा रहे इस अभियान का भव्य शुभारंभ गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को वर्ली में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।

कौशल, उद्यमिता व नवाचार मंत्री तथा मुंबई उपनगर के सह-पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढा की पहल पर आयोजित इस विशेष अभियान के शुभारंभ समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना और समाज में नशा मुक्ति का व्यापक संदेश पहुंचाना है।

इस दूरगामी पहल की तैयारियों की समीक्षा के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने 28 जुलाई 2026 को मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान से अधिक से अधिक स्कूली और कॉलेज के छात्रों को जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शिक्षक-पालक संघ, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों और सामाजिक संस्थाओं को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।

वर्ली में आयोजित मुख्य समारोह के साथ मुंबई की बीएमसी और निजी शालाओं के लाखों छात्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और नशा मुक्ति की शपथ लेंगे। छात्रों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम के दौरान विशेष पथनाट्य का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। कोई भी नागरिक drugfreemumbai.org वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन शपथ ले सकता है और तुरंत अपना ई-सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकता है। इसके अलावा बेस्ट बसों और मेट्रो स्टेशनों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि मुंबई का प्रत्येक नागरिक 'ड्रग्स फ्री मुंबई' के इस सामाजिक आंदोलन से जुड़कर नशामुक्त शहर के संकल्प को मजबूत बना सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story