मुंबई के मनपा अस्पतालों में अब ऑनलाइन मिलेगा बेड, बीएमसी की 3 चरणों वाली स्मार्ट हेल्थ नीति
मुंबई बीएमसी अस्पतालों में ऑनलाइन बेड सुविधा, स्मार्ट डिजिटल ओपीडी और हेल्थ कमांड सेंटर की योजना से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा।

मुंबई के नागरिकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण, आसान और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) एक व्यापक 3-स्तरीय स्वास्थ्य नीति तैयार कर रही है। इस योजना के तहत पालिका अस्पतालों में ऑनलाइन बेड आवंटन, स्मार्ट डिजिटल ओपीडी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सेवाएं, 24 घंटे संचालित होने वाले क्लिनिक और आधुनिक हेल्थ कमांड सेंटर जैसी सुविधाएं शुरू करने की तैयारी है।
पालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं। हाल ही में पालिका मुख्यालय में आयोजित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त अश्विनी भिडे ने इस मास्टर प्लान को पेश करने का निर्देश दिया। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त प्राजकता वर्मा-लवंगारे, उपायुक्त शरद उघडे, उपायुक्त प्रशांत गायकवाड, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रमुख अस्पतालों के निदेशक डॉ. शैलेश मोहिते और कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बीएमसी की इस स्वास्थ्य योजना को तीन चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में पालिका अस्पतालों और दवाखानों में नागरिक चार्टर प्रदर्शित करने, स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत करने, मरीजों की शिकायतों का जल्द समाधान करने, एचएमआईएस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने और ओपीडी में मरीजों के इंतजार का समय कम करने के लिए 'स्मार्ट डिजिटल ओपीडी' शुरू करने पर जोर दिया जाएगा।
इस चरण के तहत प्रमुख पालिका अस्पतालों में स्वास्थ्य बीमा हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे मरीजों को स्वास्थ्य बीमा से जुड़ी सुविधाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
दूसरे चरण में बीएमसी प्रायोगिक तौर पर ऑनलाइन बेड आवंटन प्रणाली शुरू करेगी। इसके माध्यम से प्रतीक्षा सूची में शामिल जरूरतमंद मरीजों को खाली बेड की रियल-टाइम जानकारी और ऑनलाइन आवंटन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मामूली इलाज के लिए मरीजों को उपनगरीय अस्पतालों में भेजकर बड़े अस्पतालों पर बढ़ रहे दबाव को कम करने की योजना बनाई गई है।
इसी चरण में प्रत्येक प्रशासनिक प्रभाग में सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे संचालित होने वाले दवाखाने शुरू किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को जरूरत के समय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
स्वास्थ्य नीति के तीसरे और अंतिम चरण में अस्पतालों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण, हेल्थ कमांड सेंटर की स्थापना, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रिक्त पदों को भरने और कर्मचारियों को संवेदनशीलता का प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बीएमसी की यह 3 चरणों वाली स्मार्ट हेल्थ नीति मुंबई की स्वास्थ्य व्यवस्था को तकनीक आधारित और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में तैयार की जा रही है, जिसमें मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
