मुंबई महानगरपालिका के पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले अस्पतालों में आम मरीजों के लिए आरक्षित बेड की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी अब डिजिटल स्क्रीन पर प्रदर्शित करने की मांग उठी है। बीएमसी के सभागृह नेता गणेश खणकर ने इस संबंध में महानगरपालिका प्रशासन को पत्र लिखकर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को गणेश खणकर ने बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे और अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे को लिखित पत्र भेजा। इसमें उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले सभी अस्पतालों में बीएमसी के मरीजों के लिए आरक्षित बेड और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विवरण सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाना चाहिए।

खणकर ने प्रत्येक अस्पताल के भूतल पर प्रवेश द्वार के पास बड़ा डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड या डैशबोर्ड लगाने का सुझाव दिया है। इस पर अस्पताल में मौजूद कुल बेड की संख्या, बीएमसी के सामान्य मरीजों के लिए आरक्षित बेड, उनमें से भरे हुए बेड और वर्तमान में उपलब्ध खाली बेड की जानकारी 24 घंटे लाइव प्रदर्शित होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी मांग की है कि बीएमसी के मरीजों को अन्य मरीजों के समान सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और उपचार उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए अस्पतालों में उपलब्ध सेवाओं का पूरा विवरण भी डिजिटल डैशबोर्ड पर स्पष्ट रूप से दिखाया जाए।

सभागृह नेता गणेश खणकर के अनुसार, इस व्यवस्था से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेड की उपलब्धता की तत्काल और सटीक जानकारी मिल सकेगी। इससे बेड को लेकर होने वाला भ्रम और अनावश्यक भटकाव रुकेगा। साथ ही अस्पताल प्रशासन के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

खणकर ने बीएमसी प्रशासन से आग्रह किया है कि पीपीपी मॉडल के तहत संचालित होने वाले सभी अस्पतालों में डिजिटल स्क्रीन और आधुनिक डैशबोर्ड लगाने की व्यवस्था अनिवार्य की जाए, ताकि बीएमसी के मरीजों को आरक्षित बेड और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

Next Story