बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधीन आने वाले सैकड़ों चिकित्सा केंद्रों में मरीजों को मिल रही डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए बीएमसी ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। डिजिटल अस्पताल सूचना प्रबंधन प्रणाली को सुरक्षित और सक्रिय बनाए रखने के लिए इसके अनुबंध की अवधि 5 महीने के लिए बढ़ा दी गई है।

इस अतिरिक्त अवधि के दौरान डिजिटल सेवाओं के रखरखाव, तकनीकी सुरक्षा और आकस्मिक संकट की स्थिति में डेटा रिकवरी व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बीएमसी ने कुल 2,10,75,344 रुपये की राशि मंजूर की है। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए बीएमसी की स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

इस डिजिटल परियोजना की शुरुआत साल 2016 में बीएमसी के प्रमुख अस्पतालों, दंत चिकित्सालयों, उपनगरीय अस्पतालों, प्रसूति गृहों और स्वास्थ्य केंद्रों सहित कुल 399 स्थानों पर की गई थी। शुरुआत में इस परियोजना का अनुबंध मेसर्स इंस्पिरा एंटरप्राइज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। बाद में स्वास्थ्य क्षेत्र से इस कंपनी के बाहर हो जाने के कारण परियोजना की सहयोगी पार्टनर मेसर्स मनोरमा इन्फोसॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ काम को आगे बढ़ाया गया।

बीएमसी अस्पतालों के लिए नई एचएमआईएस प्रणाली के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी मेसर्स रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को दी जा चुकी है। इस नई प्रणाली के अगस्त 2025 तक जमीन पर पूरी तरह लागू होने की उम्मीद है। इस संक्रमण काल के दौरान मरीजों को पर्ची बनाने, स्वास्थ्य रिकॉर्ड देखने और अन्य डिजिटल सुविधाओं में परेशानी न हो, इसके लिए बीएमसी ने पुराने अनुबंध को 28 मार्च 2025 से 27 अगस्त 2025 तक के लिए बढ़ाया है।

मंजूर किए गए 5 महीने के बजट में करीब 47.67 लाख रुपये तकनीकी सहायता और लाइसेंस के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं लगभग 49.02 लाख रुपये सर्वर होस्टिंग की सुरक्षा के लिए और 21.14 लाख रुपये डिजास्टर रिकवरी साइट की सुरक्षा व क्रियान्वयन के लिए आवंटित किए गए हैं।

इस निर्णय के बाद मुंबई के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों के डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, ओपीडी पंजीकरण और पैथोलॉजी रिपोर्ट पहले की तरह कंप्यूटर स्क्रीन पर उपलब्ध रहेंगे। इससे डॉक्टरों को मरीजों की जानकारी तुरंत प्राप्त कर इलाज की प्रक्रिया को सुचारू रखने में सहायता मिलेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story