मुंबई मनपा मुख्यालय में महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
मुंबई के बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में गुरुवार दोपहर महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग स्क्वॉड ने तलाशी अभियान चलाया। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जबकि अज्ञात ईमेल भेजने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। गुरुवार दोपहर महापौर कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सूत्रों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल में दावा किया था कि बीएमसी मुख्यालय और महापौर कक्ष में बम रखा गया है, जो जल्द ही फटने वाला है। धमकी भरा संदेश मिलते ही महापौर कार्यालय के कर्मचारियों ने बिना देरी किए मुंबई पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस का बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग स्क्वॉड और आजाद मैदान पुलिस स्टेशन की विशेष टीमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित मनपा मुख्यालय पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर पहली मंजिल पर स्थित महापौर कार्यालय और आसपास के अन्य प्रशासनिक विभागों को खाली कराया गया।
इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने महापौर कक्ष सहित पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
आजाद मैदान पुलिस ने धमकी भरा ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, साइबर पुलिस की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसकी तलाश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कड़ी सुरक्षा के बावजूद मनपा मुख्यालय को मिली इस धमकी के बाद पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

