बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन का लाइसेंस निलंबित, एफडीए की बड़ी कार्रवाई के साथ एआई शिकायत पोर्टल लॉन्च
महाराष्ट्र अन्न एवं औषधि प्रशासन ने बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन का लाइसेंस 31 गंभीर खामियां मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अभियान के दौरान भांडुप में भी कार्रवाई हुई, जबकि नागरिकों के लिए एआई आधारित ऑनलाइन शिकायत पोर्टल भी लॉन्च किया गया।

मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर महाराष्ट्र अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय में संचालित 'कमल कैटरर्स प्राइवेट लिमिटेड' का खाद्य पंजीकरण प्रमाणपत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्यभर में चलाए जा रहे व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत यह कार्रवाई एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के सख्त निर्देशों पर की गई।
गुरुवार को एफडीए की जांच टीम ने बीएमसी मुख्यालय स्थित कैंटीन की रसोई का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोई में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने वहां भारी गंदगी, मक्खियों का जमावड़ा, तापमान नियंत्रण में लापरवाही, खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड में अनियमितता तथा कर्मचारियों के अनिवार्य प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों की कमी सहित कुल 31 गंभीर खामियां दर्ज कीं। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक कैंटीन को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।
इससे पहले जून महीने में भी संबंधित कैटरर्स को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधार नहीं पाए जाने पर एफडीए ने यह सख्त कार्रवाई की।
कैंटीन बंद होने का असर बीएमसी मुख्यालय की दैनिक व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों को चाय, नाश्ते और भोजन के लिए बाहर के होटलों का सहारा लेना पड़ा। गुरुवार सुबह 11 बजे आयोजित स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक भी इससे प्रभावित हुई। जहां सामान्यतः भोजन की व्यवस्था रहती थी, वहां नगरसेवकों को केवल चाय और बिस्किट से ही संतोष करना पड़ा।
एफडीए की कार्रवाई से पहले बीएमसी के स्वास्थ्य और श्रम विभाग ने भी स्वच्छता संबंधी नियमों की अनदेखी के आरोप में कमल कैटरर्स पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।
इसी अभियान के तहत एफडीए ने भांडुप स्थित 'मित्रा दा ढाबा' का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया। निरीक्षण में रसोई में भारी गंदगी, कीड़े-मकोड़े तथा आवारा पशुओं की आवाजाही मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
मुंबई मंडल में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान एक दुकान को सील कर एफआईआर दर्ज की गई। इस कार्रवाई में 48 हजार रुपये से अधिक मूल्य का सामान जब्त किया गया।
राज्यभर में जारी अभियान के दौरान मिलावटी दूध, घी, खाद्य तेल और बेकरी उत्पादों के खिलाफ भी छापेमारी की गई, जिसमें करोड़ों रुपये का अवैध सामान जब्त किया गया।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एफडीए ने एक एआई आधारित नया ऑनलाइन शिकायत पोर्टल भी लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक खाद्य मिलावट और नकली दवाओं से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। खाद्य सुरक्षा को लेकर चल रहे राज्यव्यापी अभियान के बीच बीएमसी मुख्यालय की कैंटीन पर हुई यह कार्रवाई प्रशासन की सख्त निगरानी और नियमों के अनुपालन को लेकर स्पष्ट संदेश देती है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
