मुंबई में अवैध बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की कार्रवाई लगातार जारी है। शहर को अवैध विज्ञापनों से मुक्त बनाने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष 'फ्लेक्स-फ्री' अभियान के तहत 8 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच 10,928 अवैध बैनर, पोस्टर और साइनबोर्ड हटाए गए हैं।

बीएमसी प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान के दौरान सड़कों, पुलों और सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर लगाए गए अवैध पोस्टरों और बैनरों को हटाया गया। इनमें सबसे अधिक पोस्टर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों से संबंधित थे। इसके बाद राजनीतिक नेताओं के होर्डिंग्स और व्यावसायिक विज्ञापनों का स्थान रहा।

इस अभियान के दौरान 21 अक्टूबर को सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। बीएमसी की टीमों ने इस दिन महज 24 घंटे में रिकॉर्ड 1,756 अवैध बैनर और पोस्टर हटाए। अभियान के तहत लाइसेंस एवं अतिक्रमण विरोधी विभाग ने सार्वजनिक स्थलों से अवैध प्रचार सामग्री हटाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की है।

बीएमसी प्रशासन ने इस संबंध में मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों को कुल 141 शिकायत पत्र भेजे हैं। इन शिकायतों के आधार पर अब तक 5 मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

बीएमसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति सार्वजनिक संपत्तियों पर पोस्टर या बैनर लगाना पूरी तरह गैर-कानूनी है। अदालत के सख्त रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में अभियान के तहत कार्रवाई और तेज की जाएगी।

बीएमसी ने राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और व्यावसायिक घरानों से मुंबई की सुंदरता को नुकसान नहीं पहुंचाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत पोस्टर और बैनर लगाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी।

Next Story