मुंबई में धर्मवीर आनंद दिघे दिव्यांग पेंशन योजना तत्काल शुरू करने की मांग, मीनल तुर्डे ने बीएमसी को सौंपा ज्ञापन
मुंबई में धर्मवीर आनंद दिघे दिव्यांग पेंशन योजना के तहत पिछले एक वर्ष से सहायता राशि नहीं मिलने पर महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा मीनल संजय तुर्डे ने बीएमसी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बकाया भुगतान और नियमित पेंशन तत्काल शुरू करने की मांग उठाई है।

मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित धर्मवीर आनंद दिघे दिव्यांग पेंशन योजना के तहत वित्तीय सहायता लंबे समय से बंद रहने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा मीनल संजय तुर्डे ने इस संबंध में अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त को औपचारिक ज्ञापन सौंपकर दिव्यांग नागरिकों को मिलने वाली पेंशन राशि तत्काल बहाल करने और लंबित भुगतान जारी करने की मांग की है।
मीनल तुर्डे ने ज्ञापन में कहा कि लंबे समय से पेंशन का भुगतान नहीं होने के कारण शहर के हजारों दिव्यांग लाभार्थी और उनके परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया कि दिव्यांग व्यक्तियों के उचित रखरखाव, इलाज, महंगी दवाओं, शिक्षा तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए परिवारों को भारी आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में परिवार के एक सदस्य को दिव्यांग व्यक्ति की देखभाल के लिए घर पर ही रहना पड़ता है, जिससे परिवार की आय सीमित हो जाती है। ऐसे में महानगरपालिका की यह पेंशन योजना इन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा साबित होती है, लेकिन पेंशन का वितरण रुकने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
मीनल तुर्डे ने इस बात पर गहरा असंतोष जताया कि पिछले एक वर्ष से इस योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता राशि का वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में इस योजना के लिए लगभग 32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, इसके बावजूद पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल सका।
उन्होंने यह भी कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, लेकिन लाभार्थियों की बढ़ती संख्या की तुलना में यह राशि पर्याप्त नहीं है। मीनल तुर्डे ने बीएमसी प्रशासन से वर्ष 2025-26 की बकाया पेंशन किस्तों का तत्काल भुगतान करने तथा वर्ष 2026-27 के लिए नियमित पेंशन वितरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक अतिरिक्त धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल निर्णय लेगा, ताकि दिव्यांग नागरिकों और उनके परिवारों को राहत मिल सके तथा धर्मवीर आनंद दिघे दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
