मुंबई। बोरीवली वेस्ट में फुटपाथों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ बीएमसी ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘पादचारी प्रथम’ अभियान के तहत आर-मध्य वार्ड में तोड़ाव अभियान चलाकर 20 अवैध निर्माण और 15 अनधिकृत स्टॉल हटाए गए।

यह कार्रवाई बोरीवली वेस्ट के लोकमान्य तिलक रोड, मार्केट लेन और बोरीवली सबवे रोड क्षेत्रों में की गई। फुटपाथों से अवैध निर्माण और स्टॉल हटाए जाने से बोरीवली स्टेशन के आसपास आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिली।

‘पादचारी प्रथम’ अभियान के पहले चरण में बीएमसी ने बोरीवली क्षेत्र के छह प्रमुख फुटपाथों पर फैले करीब 8 किलोमीटर लंबे हिस्से को अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। अतिक्रमण हटने के बाद बोरीवली रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने वाले नागरिकों और बाजार आने वाले लोगों के लिए पैदल आवागमन का रास्ता साफ और चौड़ा हो सकेगा।

तोड़ाव कार्रवाई के लिए बीएमसी ने दो जेसीबी मशीनें, पांच डंपर, 10 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी और 20 मजदूरों की विशेष टीम तैनात की थी। कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के लिहाज से 15 से अधिक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।

बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि फुटपाथों पर दोबारा अवैध कब्जे रोकने के लिए नियमित निगरानी रखी जाएगी। अभियान का उद्देश्य मुंबईकरों के पैदल आवागमन में होने वाली परेशानी को दूर करना और फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त रखना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story