मुंबई। मलाड के नाहर नगर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रहे अवैध निर्माणों पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। 'पी पश्चिम' विभाग ने गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को प्रभाग क्रमांक 46 में यह निष्कासन अभियान चलाया। कार्रवाई के बाद प्रस्तावित 18.30 मीटर चौड़ी विकास योजना सड़क के एक हिस्से को चौड़ीकरण के लिए पूरी तरह खाली करा लिया गया है।

पश्चिमी उपनगर के मलाड स्थित नाहर नगर मार्ग की वर्तमान चौड़ाई महज 4 मीटर थी। संकरी सड़क के कारण यहां वाहनों की आवाजाही में बाधाएं आती थीं। इस समस्या को दूर करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 17 अवैध निर्माण हटाए गए। इसके बाद करीब 30 मीटर लंबे हिस्से को प्रस्तावित 18.30 मीटर चौड़ाई तक पूरी तरह साफ कर दिया गया। इस कार्रवाई से गिरीश केणी चाली के पास मार्ग पर उत्पन्न होने वाली यातायात बाधा दूर हुई है। साथ ही, प्रभाग क्रमांक 46 के नाहर नगर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारू होने की उम्मीद है।

यह निष्कासन कार्रवाई परिमंडल-4 के संयुक्त आयुक्त डॉ. भाग्यश्री कापसे और 'पी पश्चिम' विभाग के सहायक आयुक्त कुंदन वळवी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में रखरखाव विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे।

बीएमसी प्रशासन ने खाली कराए गए मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सड़क विभाग को संबंधित हिस्से में तत्काल सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद नाहर नगर मार्ग पर चौड़ीकरण का लाभ यातायात को मिल सकेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story