बीएमसी की कार्रवाई: दादर में फुटपाथ से अवैध अतिक्रमण और फेरीवाले हटाए
पैदल चलने वालों के लिए रास्ता सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सेनापति बापट मार्ग और फूल मंडी के पास 12 अवैध निर्माण गिराए गए।

तस्वीर में बीएमसी और पुलिस प्रशासन द्वारा दादर के सेनापति बापट मार्ग पर अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया जा रहा है।
मुंबई के दादर में पैदल राहगीरों के रास्ते पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘पादचारी प्रथम’ अभियान के तहत बीएमसी के ‘जी उत्तर’ विभाग ने स्व. माँसाहेब मीनाताई ठाकरे फूल मंडी और सेनापती बापट मार्ग के आसपास अभियान चलाकर 12 अवैध निर्माण हटाए। साथ ही, फुटपाथ पर गैरकानूनी तरीके से सामान बेच रहे करीब 60 फेरीवालों को भी हटाया गया।
बीएमसी आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में मुंबई को पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, फुटपाथ राहगीरों के आवागमन के लिए पूरी तरह खाली होने चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर अवैध कब्जों और दुकानों के कारण लोगों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इसी समस्या को दूर करने के लिए शुक्रवार सुबह से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया।
कार्रवाई के दौरान सेनापती बापट मार्ग और फूल बाजार के आसपास किए गए अतिक्रमण को निशाना बनाया गया। यहां बनाए गए 12 अवैध निर्माणों के साथ अस्थायी तिरपाल के शेड और पक्के कट्टों को पूरी तरह हटा दिया गया। इसके अलावा, फुटपाथ पर अवैध रूप से सामान बेच रहे करीब 60 फेरीवालों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की गई।
बीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के जरिए प्रशासन ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने और पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए रास्ता सुगम बनाने पर जोर दिया है। कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया, जबकि आम नागरिकों और यात्रियों ने बीएमसी के इस कदम की सराहना की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
