मुंबई महानगरपालिका के प्रशासनिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया गया है। बीएमसी मुख्यालय के ठीक सामने स्थित महानगरपालिका जिमखाना की जगह पर 6 मंजिला आधुनिक सभागृह बनाने के प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर लगभग 38 से 44 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रशासन ने निर्माण कार्य अगले ढाई वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रस्तावित इमारत में एक साथ 330 से 350 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सभागृह को बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए तैयार किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष सांस्कृतिक दीर्घा बनाई जाएगी। कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यायामशाला सहित कई सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

बीएमसी में भाजपा के गुट नेता गणेश खणकर ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे महानगरपालिका के आधुनिकीकरण की दिशा में सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया। गणेश खणकर ने कहा कि नए सभागृह के निर्माण से बीएमसी की महत्वपूर्ण बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

प्रशासन की योजना है कि परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। इसके लिए अगले ढाई वर्षों की समयसीमा निर्धारित की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद बीएमसी मुख्यालय के सामने स्थित जिमखाना परिसर में 330 से 350 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक सभागृह, सांस्कृतिक दीर्घा और व्यायामशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Next Story