मुंबई के वाकोला इलाके में पैदल राहगीरों के लिए सुरक्षित और साफ रास्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीएमसी ने बड़ी अतिक्रमण रोधी कार्रवाई की। 'पैडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान के तहत मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को बृहन्मुंबई महानगरपालिका के 'एच-पूर्व' वार्ड प्रशासन ने राजेंद्र कांबले मार्ग पर फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा जमाए 37 दुकानों को पूरी तरह हटा दिया।

मुंबई शहर और उपनगरों में आम नागरिकों को पैदल चलने के लिए सुरक्षित और साफ-सुथरा रास्ता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीएमसी का 'पैडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। बॉम्बे हाई कोर्ट के कड़े निर्देशों और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फुटपाथों से अवैध फेरीवालों तथा स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाना है।

इसी अभियान के तहत परिमंडल-3 के उपायुक्त विश्वास मोटे की देखरेख और 'एच-पूर्व' वार्ड की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे के नेतृत्व में बीएमसी की टीम ने वाकोला स्थित राजेंद्र कांबले मार्ग पर कार्रवाई की। टीम ने फुटपाथ पर पैदल आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली 37 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही, रास्ता रोक रहे सामान को भी जब्त किया गया।

कार्रवाई को अंजाम देने के लिए बीएमसी के 31 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तैनात की गई थी। मौके पर 4 वाहन, 2 डंपर और 1 जेसीबी मशीन भी लगाई गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

बीएमसी की कार्रवाई के बाद वाकोला का राजेंद्र कांबले मार्ग पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए पूरी तरह साफ और सुचारू हो गया है। बीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फुटपाथों पर दोबारा अतिक्रमण करने या अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

इस कार्रवाई के साथ बीएमसी ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने और पैदल राहगीरों के लिए सुगम रास्ता सुनिश्चित करने के अभियान को और तेज करने का संकेत दिया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story