मुंबई: लालबाग में बीएमसी की बड़ी कार्रवाई, स्कूल और मैदान के लिए खाली कराया भूखंड
बीएमसी ने मेघवाडी में 12 साल से लंबित अतिक्रमण को हटाकर म्युनिसिपल स्कूल और मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित 274 वर्ग मीटर क्षेत्र को कब्जामुक्त कराया।

मुंबई के लालबाग स्थित मेघवाडी में 9 जून 2026 को बीएमसी प्रशासन ने पुलिस बल के साथ स्कूल और खेल मैदान के लिए आरक्षित भूखंड से अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुंबई के घनी आबादी वाले और ऐतिहासिक रिहायशी क्षेत्र लालबाग, परळ और कालाचौकी के नागरिकों को वर्षों से प्रतीक्षित राहत मिली है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एफ (दक्षिण) विभाग ने मेघवाडी क्षेत्र में स्कूल और मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित एक महत्वपूर्ण भूखंड से अवैध निर्माणों को हटाकर बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी के स्पष्ट और कड़े निर्देशों के तहत की गई, जिससे लगभग 12 वर्षों से लंबित इस मामले के समाधान की दिशा में निर्णायक प्रगति दर्ज हुई है। बीएमसी के विकास नियोजन आराखड़ा-2034 के अनुसार, मेघवाडी स्थित भूखंड क्रमांक 1/118, 1B/118, 2/118, 3/118, 4/118 और 7/118 को सार्वजनिक हित में म्युनिसिपल स्कूल और मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, इस आरक्षित भूखंड के करीब 274 क्षेत्रफल हिस्से पर कुल 13 किराएदार और अवैध निर्माणकर्ता काबिज थे। बीएमसी प्रशासन ने प्रभावितों को नियमानुसार वैकल्पिक पक्के घर अथवा रेडी रेकनर दर के अनुसार वित्तीय मुआवजे का विकल्प प्रदान करते हुए स्थल खाली करने के लिए नोटिस जारी किए थे।
उपायुक्त प्रशांत सपकाळे और एफ (दक्षिण) विभाग की सहायक आयुक्त वृषाली इंगुले के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के दौरान कुल 13 में से 07 अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जबकि शेष 06 संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया आगे जारी है। कार्रवाई के दौरान 02 जेसीबी मशीन, 01 डंपर, 01 एम्बुलेंस और अन्य अत्याधुनिक कटर उपकरणों का उपयोग किया गया।
पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए मौके पर 45 वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम के साथ भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात रहा। इसके चलते कार्रवाई बिना किसी बड़े विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अतिक्रमण हटाओ अभियान के पूरा होने के बाद अब स्थानीय क्षेत्र के लगभग 50,000 से अधिक नागरिकों, विशेषकर बच्चों को स्कूल और खेल मैदान जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए एक बड़ा खुला सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होने की संभावना मजबूत हुई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
