भिवंडी में ज्वैलर की दुकान में बड़ी सेंधमारी, दीवार तोड़कर उड़ाए लाखों के सोने-चांदी के गहने
भिवंडी के अंजूर फाटा में स्थित ओम श्री पद्मावती ज्वैलर्स में अज्ञात चोरों ने दीवार तोड़कर लाखों की चोरी की। चोरों ने 5 किलो चांदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

तस्वीर में भिवंडी स्थित ओम श्री पद्मावती ज्वैलर्स का बोर्ड और दीवार में की गई सेंधमारी दिखाई दे रही है।
भिवंडी के अंजूर फाटा इलाके में स्थित एक आभूषण की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। यह सनसनीखेज घटना गुरुवार रात करीब 2 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजूर फाटा स्थित ओम श्री पद्मावती ज्वैलर्स नामक दुकान के मालिक हर्षित भगवती लाल जैन (खेड़ावत) हैं, जो मूल रूप से झल्लारा (सलूम्बर) के रहने वाले हैं। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम देने के लिए ज्वैलरी शॉप से सटी अरिहंत बिल्डिंग मटेरियल्स सप्लायर्स नामक दुकान को अपना जरिया बनाया। रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने पहले बिल्डिंग मटेरियल की दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान के बीच की दीवार में सेंधमारी की और सीधे आभूषण की दुकान के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने दुकान के डिस्प्ले और दराजों में रखे लगभग 5 किलो चांदी और 50 से 60 ग्राम सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए इन सोने-चांदी के गहनों की कुल कीमत 7 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। गनीमत यह रही कि चोर दुकान की तिजोरी तक नहीं पहुंच सके, अन्यथा मालिक को और भी बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। घटना की सूचना मिलने पर नारपोली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
