मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय, डिविजन-01 अंतर्गत नवघर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मैंग्रोव झाड़ियों में मिली लावारिस जली-सड़ी लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पहचान कर हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभ में इसे एक्सीडेंटल डेथ मानते हुए मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में हत्या में परिवर्तित किया गया।

घटना 05 जून 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे की है, जब भायंदर पूर्व स्थित सचिन तेंदुलकर मैदान के सामने मैंग्रोव झाड़ियों में एक शव पड़े होने की सूचना नवघर पुलिस को मिली। सूचना पर नवघर पुलिस टीम फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों में एक जली एवं सड़ी अवस्था में शव बरामद हुआ। शव की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष अनुमानित की गई। शव के पास पहचान से संबंधित कोई सामान नहीं मिला। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया तथा नवघर पुलिस स्टेशन में बी.एन.एस.एस. की धारा 194 के तहत एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया।

इसी दौरान पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों की सूची के आधार पर जांच शुरू की। 01 जून 2026 को नवघर पुलिस स्टेशन में रूम नंबर 03, लक्ष्मी चॉल, पूजा नगर, केबिन क्रॉस रोड, भायंदर ईस्ट निवासी गौरव विजय प्रकाश बड़सर, उम्र 25 वर्ष की गुमशुदगी दर्ज थी। जांच में मृतक की पहचान गौरव विजय प्रकाश बड़सर एवं विजय बड़सर के रूप में की गई, जो पिछले पांच दिनों से लापता था। पहचान स्पष्ट होते ही मामले को हत्या में परिवर्तित कर आगे की जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद यादव, दत्तात्रेय धूमे (क्राइम) एवं तृप्ति देशमुख (एडमिनिस्ट्रेशन) के मार्गदर्शन में क्राइम डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें विमल प्रेमकुमार राजभर (भारद्वाज), उम्र 19 वर्ष, विशाल प्रेमकुमार भारद्वाज (राजभर), उम्र 25 वर्ष, निवासी रूम क्र. 103, ए विंग, कविता अपार्टमेंट, गणेश गली, नवघर रोड, भायंदर पूर्व तथा एक 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी शामिल पाए गए। तीनों आरोपी सगे भाई बताए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक विजय प्रकाश बड़सर से उनकी पुरानी रंजिश और झगड़ा चल रहा था। कुछ दिन पूर्व हुए विवाद के चलते तीनों ने मिलकर उसे सबक सिखाने की योजना बनाई। घटना की रात सभी ने साथ में शराब पी और नशे की हालत में विजय को सचिन तेंदुलकर मैदान के सामने स्थित मैंग्रोव झाड़ियों में ले जाकर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लाश को जलाने का प्रयास किया गया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मोबाइल तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की कड़ी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। मामले की जांच एवं कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्राइम डिटेक्शन ब्रांच के सपोनि अमोल तालेकर, नितिन बेंद्रे, संपत अहेर, सचिन उबाले, उत्तम, संतोष पाटिल, भूषण पाटिल, सुरेश चव्हाण, सुनील लाड, नवनाथ घुगे, सूरजसिंह घुनावत, मुकेश निकम, ओमकार यादव, अमित तडवी, संकेत मगर, वेदांत वाघ, नवनाथ पवार, उमेश असवार सहित पूरी टीम शामिल रही।

फिलहाल नवघर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह मामला क्षेत्र में हुई जघन्य हत्या और सुनियोजित साजिश को उजागर करते हुए पुलिस की तकनीकी जांच क्षमता और त्वरित कार्रवाई का महत्वपूर्ण उदाहरण बन गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story