मुंबई में सहकारिता के सिद्धांत पर आधारित देश की पहली कैब और वाहन सेवा प्रणाली 'भारत टैक्सी' का भव्य शुभारंभ किया गया। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित विशेष समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल की उपस्थिति में इस अत्याधुनिक उपक्रम की आधिकारिक शुरुआत हुई।

'भारत टैक्सी' एक नवोन्मेषी डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से यात्री मोबाइल ऐप पर एक ही स्थान से टू-व्हीलर, ऑटो-रिक्शा और फोर-व्हीलर कार बुक कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य कैब चालकों और आम जनता को बिचौलियों तथा निजी एग्रीगेटर्स द्वारा लिए जाने वाले अत्यधिक कमीशन से राहत दिलाते हुए पारदर्शी और किफायती परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर सार्वजनिक परिवहन और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका और 'सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड' के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। बीएमसी के अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर और सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल हिमांशु सिंह ने औपचारिक रूप से समझौते के दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।

समझौते के तहत मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और बस डिपो से यात्रियों को निर्बाध आवाजाही की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी अपने अधिकार क्षेत्र की जमीनों, पार्किंग स्थलों और यातायात नियोजन में पूर्ण समन्वय स्थापित करेगी। इससे यात्रियों के लिए यात्रा अधिक आसान और सुलभ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

नवी मुंबई में आयोजित इस समारोह में सहकारिता क्षेत्र, प्रशासनिक और राजनीतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में राज्य के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल, विधायक महेश बालदी, विधायक प्रशांत ठाकुर, विधायक मंदा म्हात्रे, सहकारिता सचिव प्रवीण दराडे, केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव रमण कुमार, सहकारिता आयुक्त दीपक तावड़े, सहकार टैक्सी के अध्यक्ष डॉ. जयेन मेहता तथा ठाणे महानगरपालिका आयुक्त सौरभ राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

'भारत टैक्सी' का यह सहकार आधारित मॉडल मुंबई और आसपास के शहरी परिवहन ढांचे को नई दिशा देने के साथ-साथ चालकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने और आम नागरिकों को सुरक्षित, सस्ती तथा सुलभ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story