मुंबई के भांडुप ईस्ट में शादी समारोह के दौरान परोसी गई दूध की मिठाई खाने के बाद 27 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिठाई खाने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, भांडुप ईस्ट स्थित महाबोधि रत्नविहार हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान मेहमानों को 'खरवस' नाम की दूध से बनी मिठाई परोसी गई। मिठाई खाने के कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। प्रभावित लोगों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द होने लगा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मिठाई खाने से लोगों को खाद्य विषाक्तता की शिकायत हुई।

सोमवार तड़के करीब 2 बजे घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद बीमार लोगों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुल 27 मरीजों को मुलुंड के एमटी अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों का समय पर उपचार शुरू कर दिया गया था। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

वहीं, राजावाड़ी अस्पताल पहुंचे 5 अन्य लोगों ने डॉक्टरों की सलाह के विपरीत अपनी इच्छा से अस्पताल से छुट्टी ले ली। शादी समारोह में हुई इस घटना से परिवार और रिश्तेदारों में अफरा-तफरी मच गई।

फिलहाल स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शादी समारोह में परोसी गई 'खरवस' मिठाई में खराबी किस वजह से आई और उसके सेवन के बाद इतने लोगों की तबीयत कैसे बिगड़ी।

Next Story