बालासाहेब ठाकरे के स्मृति दिवस पर शिवाजी पार्क में उमड़ेगी लाखों की भीड़, BMC ने कसी कमर
बालासाहेब ठाकरे के स्मृति दिवस पर शिवाजी पार्क में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए महापौर रितू तावडे ने पानी, चिकित्सा, बैठने, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए बीएमसी को निर्देश दिए हैं।

मुंबई स्थित बीएमसी मुख्यालय के स्थायी समिति हॉल में बालासाहेब ठाकरे स्मृति दिवस की पूर्व तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में महापौर रितू तावडे और अन्य अधिकारी।
मुंबई के दादर स्थित छत्रपती शिवाजी महाराज मैदान में बालासाहेब ठाकरे के स्मृति दिवस पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और शिवसैनिकों की सुविधा के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्मृति स्थल और आसपास के परिसर में नागरिक सुविधाओं से लेकर चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था तक सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश महापौर रितू तावडे ने दिए हैं।
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को बीएमसी मुख्यालय के स्थायी समिति हॉल में महापौर श्रीमती रितू तावडे की अध्यक्षता में पूर्व तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर संजय घाडी, सदन नेता गणेश खणकर, सुधार समिति अध्यक्ष संध्या दोशी, अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बीएमसी के विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।
बैठक में महापौर रितू तावडे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महाराष्ट्र सहित देशभर से आने वाले नागरिकों और बालासाहेब के अनुयायियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए स्मृति स्थल और आसपास के परिसर में पीने के पानी, दर्शन के लिए लगने वाली कतारों पर छत, धूल नियंत्रण के उपाय, बैठने की व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों का पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया।
महापौर ने मौके पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इसके तहत मुख्यमंत्री और मुंबई महापौर चिकित्सा सहायता कक्ष के माध्यम से एम्बुलेंस तथा आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बालासाहेब स्वयं कला प्रेमी थे, इसलिए उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए वाद्य संगीत दल की भी व्यवस्था की जाए।
इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त निधि उपलब्ध कराने और शहरभर में बालासाहेब से जुड़े अन्य स्मारकों तथा चौकों पर भी उचित सजावट एवं व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।
उपमहापौर संजय घाडी ने बैठक में कहा कि इस वर्ष बालासाहेब ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष भी है। ऐसे में इस बार स्मृति दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। उन्होंने स्थिति को देखते हुए मुंबई पुलिस और अन्य सरकारी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही परिसर में समन्वय अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने और बालासाहेब के जीवन से जुड़े दुर्लभ छायाचित्रों की प्रदर्शनी लगाने की बात कही।
महापौर रितू तावडे ने कहा कि वे स्वयं शिवाजी पार्क मैदान पहुंचकर तैयारियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगी। बीएमसी प्रशासन को सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर नागरिक सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बालासाहेब ठाकरे का स्मृति दिवस पूरे सम्मान और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

