बकरी ईद: नालासोपारा में कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तूलिंज डिवीजन ने निकाला रूट मार्च
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के नेतृत्व में तूलिंज, आचोले और वालीव पुलिस स्टेशनों ने संयुक्त मॉकड्रिल कर असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी।

आगामी बकरी ईद के मद्देनजर नालासोपारा पूर्व के ओस्तवाल नगरी क्षेत्र में कानून व्यवस्था और शांति सौहार्द बनाए रखने के लिए मॉकड्रिल व रूट मार्च के दौरान गश्त करते तूलिंज, आचोले एवं वालीव पुलिस स्टेशन के अधिकारी और जवान।
आगामी बकरी ईद के मद्देनजर कानून व्यवस्था और शांति सौहार्द बनाए रखने के लिए मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय (डिविजन 2) के नेतृत्व में तूलिंज डिवीजन द्वारा एक बेहद संवेदनशील और विशाल मॉकड्रिल व रूट मार्च का आयोजन किया गया। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, सांप्रदायिक तनाव या गड़बड़ी को रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। इस विशेष सुरक्षा अभियान में तूलिंज, आचोले एवं वालीव पुलिस स्टेशनों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लेकर असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया है।
सुरक्षा के इस व्यापक बंदोबस्त को तूलिंज डिवीजन के एसीपी उमेश पाटिल/माने के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। इस मॉकड्रिल व रूट मार्च को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए तूलिंज पुलिस स्टेशन के पीआई विजय जाधव, आचोले पुलिस स्टेशन के पीआई सुजीत कुमार पवार और वालीव पुलिस स्टेशन के पीआई दिलीप घुगे सहित तीनों ही पुलिस थानों के भारी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण वर्दी और साजो-सामान के साथ सड़कों पर उतरे।
पुलिस का यह विशेष मॉकड्रिल व रूट मार्च नालासोपारा पूर्व के ओस्तवाल नगरी से अत्यंत अनुशासित ढंग से प्रारंभ हुआ। इसके बाद सुरक्षा बलों का यह काफिला प्रगतिनगर, रहमत नगर और जिजाई नगर जैसे बेहद संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से होते हुए गुजरा। अंत में इस रूट मार्च का समापन नालासोपारा पूर्व स्थित सेंट्रल पार्क में किया गया। उल्लेखनीय है कि जिन क्षेत्रों से होकर यह रूट मार्च और मॉकड्रिल गुजरी, वे मुख्य रूप से मुस्लिम बहुल्य इलाके हैं, जहां आगामी त्योहार को लेकर काफी चहल-पहल है।
बकरी ईद के पावन त्यौंहार के अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को सचेत व भयभीत करना इस मार्च का प्राथमिक उद्देश्य था। साथ ही, इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों के मन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। पुलिस प्रशासन ने इस ताकतवर प्रदर्शन से जनता को यह भरोसा दिलाया है कि पुलिस हर वक्त आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह तत्पर और सतर्क रहती है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
