नवी मुंबई। सानपाडा में स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में गुरुवार रात चोरी की सनसनीखेज कोशिश नाकाम हो गई। एक युवक ने मंदिर की छत पर चढ़कर कलश को चुराने का प्रयास किया, लेकिन घटना के दौरान कलश नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। करीब 21 किलो वजनी यह कलश मंदिर परिसर में जोरदार आवाज के साथ गिरा, जिससे आसपास के लोगों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

आवाज सुनते ही मंदिर कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि एक व्यक्ति मंदिर की छत पर मौजूद था। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत सानपाडा पुलिस को सूचना दी। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय शाहनवाज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सानपाडा सेक्टर-8 स्थित श्वेतांबर जैन मंदिर की है, जहां रात के सन्नाटे में आरोपी मंदिर की छत पर चढ़ गया था। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को पूरी घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह वारदात अकेले की या किसी और के साथ मिलकर योजना बनाई थी।

मंदिर प्रबंधन ने इस घटना को धार्मिक स्थल की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न बताते हुए प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आसपास के धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story