बीएमसी कमिश्नर ने लव्हग्रोव्ह जल पंपिंग स्टेशन और ऐतिहासिक कीटनाशक नियंत्रण चौकी का दौरा कर अधिकारियों को त्वरित जन शिकायत निवारण के निर्देश दिए।

मुंबईकरों की नागरिक समस्याओं के त्वरित निवारण और मानसून से पहले प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से अश्विनी भिडे आज अचानक जमीनी मोर्चे पर पहुंचीं। इस दौरान बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आयुक्त ने शहर के ‘ए’, ‘सी’ और ‘डी’ वॉर्ड के विभिन्न संवेदनशील परिसरों, बीएमसी चौकियों तथा जल निकासी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ‘ए’ वॉर्ड के मिंट मार्ग पर स्थित मुंबई की पहली और लगभग 100 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक कीटनाशक नियंत्रण चौकी का विशेष रूप से जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न वॉर्डों की सड़क मरम्मत चौकियों, छात्र अभ्यासिकाओं तथा वरली स्थित लव्हग्रोव्ह जल पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली की भी विस्तृत समीक्षा की।

दौरे के समय आयुक्त ने कीटनाशक नियंत्रण विभाग द्वारा उपयोग किए जा रहे आधुनिक उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखा तथा चूहों और मच्छरों के उन्मूलन हेतु की जा रही कार्रवाइयों की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर एवं कार्य विवरण की गहन जांच की और मौके पर मौजूद सफाईकर्मियों, ग्राउंड स्टाफ तथा स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर भिडे ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ‘मार्ग’ मोबाइल एप्लिकेशन पर प्राप्त होने वाली नागरिक शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों की अनदेखी और कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी।

इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान परिमंडल-1 की उपायुक्त चंदा जाधव, परिमंडल-2 के उपायुक्त प्रशांत सपकाळे तथा संबंधित वॉर्डों के सहायक आयुक्त भी उपस्थित रहे। वहीं, स्थानीय नगरसेवकों ने इस औचक दौरे की सराहना करते हुए कहा कि शीर्ष अधिकारियों के इस प्रकार मैदान में उतरने से वॉर्ड स्तर पर सुस्ती समाप्त होगी तथा मानसून से पूर्व कीटनाशक नियंत्रण और नालेसफाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी आएगी।

यह औचक निरीक्षण मुंबई महानगर में प्रशासनिक जवाबदेही और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी मानसून तैयारियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story