अणुव्रत विश्व भारती के तत्वावधान में चल रहे अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के पाँचवें दिन अणुव्रत समिति, मुंबई (भायंदर) द्वारा भायंदर पूर्व स्थित एकता क्लासेस में नशामुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 10वीं के लगभग 65 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान तथा नशे के जाल से स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत समिति भायंदर की सह-संयोजिका कविता बेंगाणी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अणुव्रत, अणुविभा तथा संस्था द्वारा किए जा रहे विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही अणुव्रत के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता CA हर्षल चोपड़ा ने विद्यार्थियों के लिए दो ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक सत्र लिए। उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सरल एवं प्रभावी तरीके से विद्यार्थियों को ड्रग्स के जाल, नशे की शुरुआत के कारणों, उसके दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में समझाया। उन्होंने Peer Pressure, आत्मविश्वास और सही निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्यार्थियों से संवाद किया। दोनों सत्र अत्यंत इंटरैक्टिव रहे और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र प्रभारी भूपेंद्र वाग्रेचा की गरिमामयी उपस्थिति रही। समिति की सदस्य सारिका लोढ़ा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर भायंदर की संयोजिका डॉली बैद ने CA हर्षल चोपड़ा, एकता क्लासेस के प्रबंधन एवं पूरी टीम, अणुव्रत मुंबई सेंट्रल टीम, समिति के सभी सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉली बैद ने कहा कि जब कोई गलत प्रलोभन दे या Peer Pressure में लाने की कोशिश करे, तब “NO” कहने का आत्मविश्वास कमजोरी नहीं, बल्कि आपकी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन का सच्चा High नशे में नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों, सपनों, खेल, संगीत, रचनात्मकता, अच्छी मित्रता और माता-पिता को गौरवान्वित करने में है। इसलिए हमेशा उस REAL HIGH को चुनें, जो आपको मजबूत, स्वस्थ और खुश बनाए।

एकता क्लासेस के प्रबंधन एवं पूरी टीम ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताते हुए अणुव्रत समिति के इस सार्थक प्रयास की सराहना की। सम्पूर्ण कार्यक्रम सफल, सार्थक एवं ज्ञानवर्धक रहा। विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करने तथा उन्हें स्वस्थ, संयमित एवं संस्कारमय जीवन की ओर प्रेरित करने की दिशा में यह नशामुक्ति अभियान एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story