मुंबई। अंधेरी पश्चिम में यारी रोड और लोखंडवाला के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। बीएमसी यारी रोड और लोखंडवाला बैक रोड जंक्शन पर अमरनाथ टावर के पास नया फ्लाईओवर बना रही है। बीएमसी के अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर ने निर्माणाधीन पुल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य हर हाल में दिसंबर 2027 तक पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

यह नया फ्लाईओवर कवठे खाड़ी के ऊपर से गुजरेगा। पुल की कुल लंबाई 206 मीटर और चौड़ाई 11 मीटर होगी। इसके निर्माण में मजबूत स्टील के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

फ्लाईओवर के तैयार होने के बाद वर्सोवा, यारी रोड और पंच मार्ग का सीधा संपर्क लोखंडवाला परिसर, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर और समर्थ नगर जैसे व्यस्त इलाकों से हो जाएगा। फिलहाल इस पूरे रूट पर लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है और यात्रा में आधा घंटा या उससे अधिक समय लग जाता है।

बीएमसी के मुताबिक, फ्लाईओवर शुरू होने के बाद इसी दूरी को तय करने में महज 10 मिनट लगेंगे। इससे अंधेरी पश्चिम के साथ आसपास के इलाकों में आवागमन आसान होगा और लोगों के समय की भी बचत होगी।

आने वाले समय में वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक और कोस्टल रोड शुरू होने के बाद यह फ्लाईओवर एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी काम करेगा। बीएमसी की ओर से निर्माण कार्य को दिसंबर 2027 तक पूरा करने पर जोर दिए जाने से इस महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। फ्लाईओवर के चालू होने के बाद यारी रोड, लोखंडवाला और आसपास के व्यस्त इलाकों के बीच सफर का समय घटने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story