मुंबई। ग्रांट रोड इलाके में एक बुजुर्ग रामलाल (नाम बदलकर) सस्ते सोने के लालच में 10 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गए। मामला उस समय सामने आया जब एक युवक ने रामलाल को पांच किलो नकली सोना बेचने का झांसा देकर उनसे भारी रकम लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रामलाल ग्रांट रोड पूर्व में रहते हैं। ऑपेरा हाउस इलाके से पैदल गुजरते समय उनकी मुलाकात एक अजनबी युवक से हुई, जिसने जीपीओ का रास्ता पूछते हुए बातचीत शुरू की। युवक ने बताया कि वह भोपाल से आया है और उसके पास दो चांदी के सिक्के हैं जिन्हें वह तत्काल बेचना चाहता है। रामलाल ने सिक्कों की कीमत पूछी और युवक से दो सौ रुपये में दोनों सिक्के खरीद लिए।

बातचीत के दौरान युवक ने रामलाल को बताया कि उसके पास पांच किलो सोना भी है, जिसे वह सस्ते में बेचने को तैयार है। बाद में रामलाल ने बोरीवली जाकर युवक से सोने की खरीद के लिए संपर्क किया। युवक ने दो पान सोने के नमूने रामलाल को दिए और उनकी जांच के लिए कहा। जब रामलाल ने जवेरी बाजार में इन नमूनों की जांच कराई तो यह असली सोना निकला। इस विश्वास के चलते रामलाल ने युवक से पांच किलो सोना खरीदने की पेशकश की।

युवक ने दस लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में मांगे और बाकी रकम बाद में देने का निर्देश दिया। रामलाल ने अपनी बचत और दोस्तों से उधार लेकर यह रकम दी और पांच किलो सोना लेकर जवेरी बाजार पहुंचे। जांच में यह पता चला कि सोना नकली था। इस घटना के बाद रामलाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह मामला मुंबई में सस्ते सोने के झांसे में फंसे लोगों के लिए चेतावनी साबित होता है और ऑनलाइन या ऑफलाइन निवेश के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story