मुंबई में आमेट मित्र मंडल, मुम्बई द्वारा आयोजित आमेट प्रीमियर लीग (APL) – सीजन 2026 का आयोजन उत्साह, खेल भावना और सामाजिक एकता के माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। घाटकोपर स्थित राजपूत लॉन में आयोजित इस क्रिकेट महाकुंभ में 12 टीमों और लगभग 120 खिलाड़ियों ने भाग लेकर पूरे दिन दर्शकों को रोमांच से भरपूर मुकाबलों का आनंद दिया। आयोजन ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का भी कार्य किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के साथ हुई। आमेट मित्र मंडल के अध्यक्ष विनोद बापना ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान सत्र 2025-2027 के लिए सहयोग देने वाले प्रायोजकों का सम्मान भी किया गया। सम्मेलन 2026 के सम्पूर्ण भोजन प्रायोजक बाबूलाल एवं विनोद कच्छारा रहे, जबकि स्वागताध्यक्ष की भूमिका रिंकू बापना ने निभाई। मुख्य अतिथि के रूप में किशन सूर्या उपस्थित रहे तथा समारोह प्रेरणा प्रायोजक संदीप बापना रहे। आयोजन के प्रमुख प्रायोजकों बाबूलाल, विनोद कच्छारा, उत्तम लोढ़ा, सुधीर सांखला, महावीर चंडालिया, नीलेश चंडालिया एवं विनोद बापना का विशेष सम्मान किया गया।



मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि प्रायोजकों के आर्थिक सहयोग से सत्र 2025-27 के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जा रहा है। साथ ही वर्ष 2027 में आमेट में प्रस्तावित सम्मेलन को भी भव्य स्वरूप देने की तैयारी जारी है।

दिनभर चले मुकाबलों में बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। हर वर्ष की तरह इस बार भी मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया गया, जिससे आमेट सहित विभिन्न स्थानों पर मौजूद लोगों ने भी आयोजन का आनंद लिया। कमेंट्री बॉक्स में भरत चौधरी, रमेश कटारिया और संदीप बापना ने अपनी रोचक शैली से दर्शकों को लगातार बांधे रखा।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सिद्धिविनायक 11 और लोढ़ा लेजेंड्स के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले का निर्णय सुपर ओवर से हुआ। दोनों टीमों ने अंतिम गेंद तक संघर्ष करते हुए दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। अंततः सिद्धिविनायक 11 ने खिताब अपने नाम किया, जबकि लोढ़ा लेजेंड्स ने भी शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के समापन पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों का कार्यकारिणी द्वारा सम्मान किया गया। वहीं मैन ऑफ द सीजन का खिताब जीतू चौधरी को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गोगालाल चौधरी, विनोद कच्छारा, अर्जुन चौधरी, बाबूलाल डांगी, चंद्रप्रकाश हिरण, सुधीर सांखला, नवरत्न दुग्गड़, भरत लोढ़ा एवं कुंदन बापना सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आमेट महिला मंडल से कोषाध्यक्ष सारिका बापना एवं सीमा चोरड़िया की विशेष उपस्थिति रही। शाम के समय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए परिवारों के सदस्य भी बड़ी संख्या में आयोजन स्थल पर पहुंचे।

आमेट मित्र मंडल के मंत्री महावीर चंडालिया, कोषाध्यक्ष नीलेश चंडालिया और भोजनशाला प्रभारी अरविंद का आयोजन में सक्रिय सहयोग रहा। वहीं रमेश कटारिया, निर्मल हिरण, प्रसन्न पामेचा सहित APL संयोजक टीम के संजय, निर्मल, जीतू, मुदित और संयम समेत अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन ने खेल, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक एकजुटता का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।

Updated On
Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story