परेल-शिवड़ी में बनेगी साईबाबा पथ स्कूल की 10 मंजिला इमारत, BMC खर्च करेगी ₹78.57 करोड़
परेल-शिवड़ी के साईबाबा पथ स्कूल की जर्जर इमारत की जगह 78.57 करोड़ रुपये से 10 मंजिला भवन बनेगा, 977 छात्रों को नई सुविधाएं मिलेंगी।

मुंबई के परेल-शिवड़ी क्षेत्र में साईबाबा पथ महानगरपालिका स्कूल की जर्जर चार मंजिला इमारत की जगह अब 10 मंजिला अत्याधुनिक स्कूल भवन बनाया जाएगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस पुनर्निर्माण परियोजना के लिए 78,57,32,185 रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस काम के लिए मैसर्स मैगोक्सी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया है और मानसून की अवधि को शामिल करते हुए 30 महीनों में निर्माण पूरा करने की समय सीमा तय की गई है।
एफ-दक्षिण वार्ड के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल की पुरानी इमारत का वीरमाता जीजाबाई प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा स्ट्रक्चरल ऑडिट किया गया था। ऑडिट में इमारत को खतरनाक श्रेणी (C-1) में घोषित किया गया था। इसके बाद बीएमसी के इंफ्रास्ट्रक्चर विभाग ने पुरानी इमारत को पूरी तरह गिरा दिया, जिसके बाद स्कूल की जमीन वर्तमान में खाली पड़ी है।
पुरानी इमारत में 977 छात्र पढ़ाई करते थे। इमारत को गिराए जाने के बाद इन छात्रों को पास के परमानंदवाड़ी और लालबाग स्थित बीएमसी स्कूलों में स्थानांतरित किया गया था। नई इमारत तैयार होने के बाद इन सभी 977 छात्रों को दोबारा अपने ही परिसर में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रस्तावित 10 मंजिला भवन को आधुनिक शैक्षणिक और अन्य सुविधाओं से लैस किया जाएगा। भूतल पर दो किंडरगार्टन, बहुउद्देशीय कक्ष, प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, कार्यालय और भोजन कक्ष बनाए जाएंगे। पहली से पांचवीं मंजिल तक अत्याधुनिक क्लासरूम बनाए जाएंगे।
छठी से दसवीं मंजिल तक आधुनिक केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब, कौशल विकास केंद्र, कॉन्फ्रेंस रूम, योग प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्पोर्ट्स हॉल, डांस क्लास, जिम और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। छात्रों की सुरक्षा और भवन में सुगम आवाजाही के लिए तीन चौड़े जीने और पांच लिफ्ट भी लगाई जाएंगी।
परियोजना के प्रबंधन के लिए सलाहकार की नियुक्ति भी कर दी गई है। बीएमसी की इस परियोजना से मध्य मुंबई के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुफ्त में उपलब्ध कराने की दिशा में नया भवन महत्वपूर्ण साबित होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
