अभ्यर्थना तेरापंथ के आद्य प्रवर्तक आचार्य भिक्षु की, चेंबूर में गूंजा श्रद्धा का स्वर
चेंबूर में आचार्य भिक्षु की जन्म त्रिशताब्दी के चतुर्थ चरण पर विशेष समारोह आयोजित, साध्वी निर्वाणश्री ने व्यक्तित्व और प्रेरणा पर प्रकाश डाला।

तस्वीर में चेंबूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साध्वी निर्वाणश्री और अन्य साध्वियां मंच पर उपस्थित नजर आ रही हैं।
चेंबूर में तेरापंथ के आद्य प्रणेता आचार्य भिक्षु की जन्म त्रिशताब्दी समारोह के चतुर्थ चरण के अवसर पर विशेष समारोह का आयोजन साध्वी निर्वाणश्री के पावन सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने आचार्य भिक्षु के व्यक्तित्व और उनके सिद्धांतों को स्मरण करते हुए श्रद्धा अभिव्यक्त की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि आचार्य भिक्षु के व्यक्तित्व में तेजस्विता, निर्मलता और गंभीरता का त्रिवेणी संगम था। घोर विरोध के समय भी उनका धैर्य अविचल रहा। वे सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से सदैव ऊर्जा का संचय करते रहे। उन्होंने कहा कि आचार्य भिक्षु के बहुआयामी व्यक्तित्व से सभी को नई प्रेरणा ग्रहण करनी चाहिए।
इस अवसर पर साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने आचार्यश्री भिक्षु के गुणों की अभ्यर्थना करते हुए उनके जीवन से जुड़े संस्मरण प्रस्तुत किए। साध्वी लावण्यप्रभा ने वक्तव्य के माध्यम से श्रद्धा व्यक्त की, वहीं साध्वी कुंदनयशा ने कविता के जरिए आचार्य भिक्षु के प्रति अपनी भावनाएं प्रकट कीं। सभी साध्वियों ने समवेत स्वरों में बाबा भिक्खु स्याम गीत की स्वरलहरियां प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ युवतीमंडल के समूह गान से हुआ। इस अवसर पर साध्वी योगक्षेमप्रभा द्वारा रचित त्रिशताब्दी समारोह गीत का टीज़र लॉन्च किया गया। सभा परिवार की ओर से मूलचंद लोढा, तेयुप मंत्री कपील मेहता और मुंबई सभा के पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र तातेड ने अपने भाव व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन सभा के पूर्व अध्यक्ष रमेश धोका ने किया। आचार्य भिक्षु की जन्म त्रिशताब्दी के अवसर पर आयोजित यह समारोह उनके विचारों, सिद्धांतों और प्रेरणादायी जीवन यात्रा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बना।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
